Edited By Rohini Oberoi,Updated: 24 Feb, 2026 10:46 AM

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लेह जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद आपातकालीन लैंडिंग (Emergency Landing) करनी पड़ी। विमान के इंजन में आई अचानक तकनीकी खराबी के...
SpiceJet SG121 Emergency Landing : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लेह जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद आपातकालीन लैंडिंग (Emergency Landing) करनी पड़ी। विमान के इंजन में आई अचानक तकनीकी खराबी के कारण पायलट को आनन-फानन में वापस दिल्ली लौटने का फैसला करना पड़ा।
कैसे हुआ हादसा?
स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 ने दिल्ली से लेह (Leh) के लिए सामान्य रूप से उड़ान भरी थी। विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। जैसे ही विमान ने ऊंचाई पकड़ी, पायलट को एक इंजन में खराबी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट
विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर तत्काल 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई। रनवे के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात कर दी गईं। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार, यात्रियों को उनके गंतव्य (लेह) तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, इंजीनियरिंग टीम खराब हुए इंजन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि खराबी के सही कारणों का पता लगाया जा सके।