स्कूल की सीढ़ियों से गिरने के बाद 9 साल की बच्ची की मौत, पूरा हादसा CCTV कैमरे में कैद

Edited By Updated: 19 Sep, 2026 11:52 AM

student died staircase private school telangana ranga reddy

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले स्थित शादनगर के एक प्राइवेट स्कूल में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। स्कूल समय के दौरान सीढ़ियों से फिसलकर गिरने के कारण चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा वर्णिका की मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे...

रंगा रेड्डी : तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले स्थित शादनगर के एक प्राइवेट स्कूल में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। स्कूल समय के दौरान सीढ़ियों से फिसलकर गिरने के कारण चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा वर्णिका की मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।
 
यह घटना गुरुवार की है। वर्णिका सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ी। गिरने से उसके सिर में सीधी चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। स्कूल स्टाफ तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अगले दिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका।   
 
पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि बच्ची सीढ़ियाँ उतरते वक्त अचानक गिर जाती है। आसपास मौजूद दूसरे बच्चे घबराकर उसे संभालने की कोशिश करते हैं और एक छात्र दौड़कर टीचर को बुलाता है। इसके बाद एक शिक्षक बच्ची के पास पहुंचकर उसे चेक करते नजर आते हैं।   

सर्कल इंस्पेक्टर के. सीताराम के अनुसार, प्रथम दृष्टया फुटेज में बच्ची का संतुलन बिगड़ना ही गिरने की वजह दिख रहा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या बच्ची को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या या बीमारी थी।   

वहीं, बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने ठीक से जानकारी नहीं दी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें तुरंत सूचित नहीं किया गया और घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई, जिससे बच्ची को अस्पताल ले जाने में देरी हुई। हालांकि, स्कूल ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे बच्ची के पिता के आने का इंतज़ार कर रहे थे। स्कूल के मुताबिक, जब बच्ची को अचानक उल्टी होने लगी, तो कर्मचारियों ने तुरंत गाड़ी का इंतज़ाम किया और उसे पास के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। पुलिस CCTV फुटेज और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!