Edited By Parveen Kumar,Updated: 04 Sep, 2026 05:49 PM

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को भारी बारिश और आंधी-तूफान ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से संचालित नौ उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। सूत्रों के...
नेशनल डेस्क : दिल्ली-NCR में शुक्रवार को भारी बारिश और आंधी-तूफान ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से संचालित नौ उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, इनमें चार उड़ानों को जयपुर, चार को लखनऊ और एक उड़ान को अहमदाबाद भेजा गया।
भारी बारिश के बाद IGI एयरपोर्ट परिसर में भी जलभराव की स्थिति सामने आने की खबर है। वहीं, पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। सागरपुर के गांधी मार्केट समेत कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति देखने को मिली।
रिहायशी इलाकों की कई सड़कें पानी में डूब गईं, हालांकि अभी तक प्रमुख सड़कों पर बड़े पैमाने पर जलभराव या ट्रैफिक जाम की सूचना नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगर बारिश लंबे समय तक जारी रहती है तो पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में जलजमाव और यातायात संबंधी परेशानी बढ़ सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड वॉर्निंग जारी की है। सफदरजंग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ आंधी और मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार 5 सितंबर को भी हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भारी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली के साथ-साथ पूरे NCR में भी अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
IMD ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भी 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाके NCR का हिस्सा हैं, इसलिए इन क्षेत्रों में भी बारिश के कारण जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।