Edited By Sanjeev,Updated: 13 Oct, 2026 09:16 AM

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक स्कूल के पास खुले मैदान में आग लग जाने से एक ऑटो-रिक्शा और 22 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक स्कूल के पास खुले मैदान में आग लग जाने से एक ऑटो-रिक्शा और 22 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ठाणे महानगरपालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMC) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि आग सबेगाव स्थित 'दिवा नेशनल इंग्लिश स्कूल' हॉल के पीछे आदर्श विद्यालय के पास लगी, जहां कई वाहन खड़े थे। अधिकारी ने बताया कि RDMC नियंत्रण कक्ष को देर रात दो बजकर दो मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे खड़े 23 वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिसकर्मी और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तड़के तीन बजकर 16 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में से 15 वाहनों के बारे में जानकारी उनके पंजीकरण नंबर और मालिकों के आधार पर जुटा ली गई है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।