Edited By Mansa Devi,Updated: 12 Mar, 2026 01:07 PM

देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली अगली किस्त का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सरकार ने जानकारी दी है कि योजना की 22वीं किस्त जल्द किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर...
नेशनल डेस्क: देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली अगली किस्त का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सरकार ने जानकारी दी है कि योजना की 22वीं किस्त जल्द किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना के तहत सरकार छोटे और सीमांत किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में मदद देने के लिए हर साल आर्थिक सहायता प्रदान करती है। काफी समय से किसान अगली किस्त के जारी होने का इंतजार कर रहे थे और अब इसकी तारीख भी स्पष्ट हो गई है।
13 मार्च को खातों में भेजे जाएंगे 2000 रुपये
सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस किस्त के तहत पात्र किसानों को 2,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना में पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजा जाता है। यानी किसानों को किसी दफ्तर या बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती, पैसा सीधे खाते में आ जाता है।
योजना के तहत ऐसे मिलती है आर्थिक मदद
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम तीन किस्तों में दी जाती है। हर चार महीने में 2,000 रुपये किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं। अब तक किसानों को 21 किस्तें मिल चुकी हैं।
इन किसानों की अटक सकती है किस्त
सरकार ने साफ किया है कि कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी न होने पर किसानों की किस्त रुक सकती है। हर बार की तरह इस बार भी कुछ किसानों को पैसा नहीं मिल पाएगा, अगर उन्होंने योजना से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं।
इन कारणों से किस्त अटक सकती है:
- ई-केवाईसी (e-KYC) पूरा नहीं होना
- फार्मर आईडी नहीं बनवाना
- बैंक खाते की जानकारी गलत होना
- आधार कार्ड का बैंक खाते से लिंक न होना
ऐसे चेक करें कि किस्त आएगी या नहीं
किसान आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में किस्त आएगी या नहीं। इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्टेटस चेक किया जा सकता है।
स्टेटस चेक करने का तरीका:
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर Farmers Corner सेक्शन में जाएं।
- वहां Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर पूरी जानकारी दिखाई दे जाएगी।