Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Aug, 2026 08:43 PM

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने 'वंदे मातरम्' के गायन को लेकर विवाद के संबंध में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ रविवार को शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने 'वंदे मातरम्' के गायन को लेकर विवाद के संबंध में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ रविवार को शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 'वंदे मातरम्' से जुड़े बयानों और घटनाक्रम को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच उर्वा थाने में यह शिकायत दर्ज कराई गई। भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी पर राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के संबंध में अनुचित आचरण का आरोप लगाया है।
भाजपा नेताओं ने इस मामले में गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और आरोप लगाया कि इस विवाद से राष्ट्रगीत से जुड़ी भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। भाजपा नेताओं विकास के. और राजगोपाल ने कहा है कि पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने से पहले उन्होंने इस मामले में कानूनी राय मांगी है। पिछले महीने संसद ने एक विधेयक पारित किया, जिसमें राष्ट्रगीत के अपमान को दंडनीय अपराध बनाया गया है। राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को 30 जुलाई को लोकसभा में ध्वनि मत से पारित किया गया था। इससे एक दिन पहले इसे राज्यसभा की मंजूरी मिली थी। इस कानून में 'वंदे मातरम्' को राष्ट्रगान 'जन गण मन' के बराबर का दर्जा दिया गया है।
भाजपा ने शनिवार को आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 'वंदे मातरम्' के पूर्ण संस्करण के गायन पर आपत्ति जताई। हालांकि, विपक्षी दल कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। पार्टी ने कहा कि गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी को लेकर कह रही थीं, क्योंकि वह काफी समय से खड़े थे।