Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Dec, 2025 09:07 PM

लगभग हर व्यक्ति चाहता है कि उसका अपना घर हो, लेकिन प्रॉपर्टी की लगातार बढ़ती कीमतें आम लोगों के लिए यह सपना पूरा करना कठिन बनाती जा रही हैं। हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए घर खरीदना तुलनात्मक रूप से आसान है, क्योंकि केंद्र सरकार हाउस बिल्डिंग...
नेशनल डेस्क: लगभग हर व्यक्ति चाहता है कि उसका अपना घर हो, लेकिन प्रॉपर्टी की लगातार बढ़ती कीमतें आम लोगों के लिए यह सपना पूरा करना कठिन बनाती जा रही हैं। हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए घर खरीदना तुलनात्मक रूप से आसान है, क्योंकि केंद्र सरकार हाउस बिल्डिंग एडवांस (HBA) योजना के तहत बेहद कम ब्याज दरों पर होम लोन उपलब्ध कराती है। यह योजना कर्मचारियों को आर्थिक राहत प्रदान करने के साथ-साथ उनके घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आइए इस योजना को विस्तार से समझते हैं-
क्या है हाउस बिल्डिंग एडवांस (HBA) योजना?
केंद्र सरकार की यह योजना अपने कर्मचारियों को घर से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। HBA के तहत कर्मचारी:
- नया घर बनवा सकते हैं
- तैयार मकान खरीद सकते हैं
- घर की मरम्मत या विस्तार करवा सकते हैं
- प्लॉट खरीदने के लिए भी राशि प्राप्त कर सकते हैं
इस योजना का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें सुरक्षित भविष्य के लिए एक स्थायी आवास उपलब्ध कराना है।
कितनी राशि मिल सकती है?
सरकार ने इस स्कीम की सीमा बढ़ाकर इसे और उपयोगी बना दिया है। एक केंद्रीय कर्मचारी अधिकतम:
- बेसिक सैलरी + डीए के 34 गुना तक
- अधिकतम 25 लाख रुपये
लोन के रूप में प्राप्त कर सकता है। वहीं, घर की मरम्मत, पुनर्निर्माण या विस्तार के लिए अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित राशि दी जाती है।
बैंकों की तुलना में बेहद कम ब्याज दर
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है इसकी कम और फिक्स्ड ब्याज दर।
- HBA पर ब्याज दर आमतौर पर 6% से 7.5% के बीच होती है
- जबकि प्राइवेट बैंक इससे कहीं ज़्यादा ब्याज लेते हैं
- फिक्स्ड रेट होने की वजह से पूरी लोन अवधि में कर्मचारी को बढ़ती ब्याज दरों का खतरा नहीं रहता
इससे कर्मचारी बिना तनाव के अपना वित्तीय बजट बना पाते हैं।
HBA के लिए आवश्यक नियम और पात्रता
इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें लागू होती हैं-
- केंद्र सरकार के सभी स्थायी कर्मचारी, जिन्होंने कम से कम 5 साल की सेवा पूरी की हो।
- कर्मचारी ने इससे पहले किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ न लिया हो।
- अस्थायी कर्मचारी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
- पति-पत्नी दोनों केंद्रीय कर्मचारी हों तो केवल एक व्यक्ति ही HBA का लाभ ले सकता है।