Edited By Parveen Kumar,Updated: 23 May, 2026 09:24 PM

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में शनिवार को बावड़ी में नहाने के दौरान दो सगी बहनों समेत तीन नाबालिग लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उनके साथ गई एक अन्य लड़की किसी तरह बच गई और उसने परिजनों को घटना की सूचना दी।
नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में शनिवार को बावड़ी में नहाने के दौरान दो सगी बहनों समेत तीन नाबालिग लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उनके साथ गई एक अन्य लड़की किसी तरह बच गई और उसने परिजनों को घटना की सूचना दी।
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर गैरतगंज तहसील के सागौर गांव में पूर्वाह्न लगभग 11 बजे हुआ। गढ़ी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि चार लड़कियां नहाने के लिए बावड़ी में गई थीं। इसी दौरान एक लड़की गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य लड़कियां भी पानी में उतर गईं, लेकिन तीनों डूब गईं। मृतकों की पहचान राधा आदिवासी (12), उसकी बहन तनु आदिवासी (13) और उनकी चचेरी बहन अमृता आदिवासी (12) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि रामगोपाल आदिवासी की दूसरी बेटी अभिना (13) किसी तरह बचकर गांव पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर लड़कियों को बावड़ी से बाहर निकाला और गैरतगंज के सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विश्वकर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।