Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Apr, 2026 03:42 PM

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी ही कोख उजाड़ दी। महज 10 लाख रुपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के पेट पर इतनी बेरहमी से लातें मारीं कि दो अलग-अलग मौकों पर...
Bhadohi Dowry Harassment Case : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी ही कोख उजाड़ दी। महज 10 लाख रुपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के पेट पर इतनी बेरहमी से लातें मारीं कि दो अलग-अलग मौकों पर उसके दो अजन्मे बच्चों की गर्भ में ही मौत हो गई।
शादी के बाद से ही शुरू हुआ जुल्म
पीड़िता आराधना शुक्ला (29) की शादी मई 2022 में अभिनेष शुक्ला से हुई थी। आरोप है कि शादी में पर्याप्त दहेज देने के बावजूद पति अभिनेष, सास गीता देवी और जेठ प्रदीप शुक्ला खुश नहीं थे। वे लगातार 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे और इसके लिए आराधना को प्रताड़ित किया जाता था।
पहली बार: 8 महीने के शिशु की जान ली
आराधना जब पहली बार गर्भवती हुई और गर्भ 8 महीने का हो गया तब आरोपी पति ने 10 लाख रुपये न मिलने पर उसके पेट पर कई बार लात मारी। गंभीर हालत में उसे मायके भेज दिया गया जहां अस्पताल में पता चला कि शिशु की कोख में ही मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: Multi-talented Asha Bhosle: सिर्फ सुरों की मल्लिका ही नहीं, बिजनेस की भी क्वीन हैं 'आशा ताई', जानें कितनी है कुल Net Worth?
दूसरी बार: दिल्ली से भदोही लाकर स्टेशन पर छोड़ा
रिश्तेदारों के समझाने पर आराधना पति के साथ दिल्ली रहने गई। जुलाई 2025 में वह दोबारा गर्भवती हुई। आरोप है कि 20 सितंबर 2025 को 2 महीने की गर्भवती आराधना को फिर से पीटा गया और पेट पर लात मारी गई।
खौफनाक मंजर
गंभीर हालत में पति उसे मोटरसाइकिल पर दिल्ली से भदोही लाया और ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग गया। जाते-जाते धमकी दी कि "10 लाख लेकर नहीं आई तो जलाकर मार देंगे।" इस हमले में भी आराधना का दो महीने का गर्भ गिर गया।
यह भी पढ़ें: Mumbai का ब्रीच कैंडी अस्पताल! जहां हुआ Asha Bhosle का निधन, जानें वहां कितना महंगा है इलाज?
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता का आरोप है कि उसने जनवरी में भी शिकायत की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को जनसुनवाई के दौरान एसपी अभिनव त्यागी के सामने दुखड़ा सुनाने के बाद अब गोपीगंज थाने में पति, सास और जेठ समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।