Edited By Ramanjot,Updated: 12 Mar, 2026 12:23 PM

2026 में न्यूजीलैंड को हराकर विश्व विजेता बनने के बाद अब टीम इंडिया की नज़रें 2028 टी20 वर्ल्ड कप पर हैं। टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी
नेशनल डेस्क: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से धूल चटाकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ताज अपने नाम कर लिया है। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही विश्व क्रिकेट में जश्न का माहौल है, लेकिन आईसीसी (ICC) ने अब अपनी नज़रें अगले पड़ाव पर टिका दी हैं। साल 2028 में होने वाले 11वें टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जिसकी मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से करेंगे।
यह टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से 19 नवंबर, 2028 के बीच खेला जाएगा, जहां दुनिया की 20 दिग्गज टीमें क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में श्रेष्ठता की जंग लड़ेंगी।
मेजबानी और आयोजन: न्यूजीलैंड रचेगा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया 2022 के बाद दूसरी बार इस मेगा इवेंट की मेजबानी करने जा रहा है, वहीं न्यूजीलैंड के लिए यह एक ऐतिहासिक पल होगा। यह पहली बार है जब कीवी धरती पर पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के मैचों का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट की कमान डेम थेरेसी वॉल्श के हाथों में है, जो वर्तमान में आयोजन स्थलों और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।
प्रतिष्ठित मैदानों पर सजेंगी बिसात
2028 का वर्ल्ड कप दोनों देशों के सबसे भव्य स्टेडियमों में खेला जाएगा:
न्यूजीलैंड: ऑकलैंड का ईडन पार्क, वेलिंगटन का स्काई स्टेडियम और क्राइस्टचर्च का हेगले ओवल।
ऑस्ट्रेलिया: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG), सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG), एडिलेड ओवल और पर्थ का ऑप्टस स्टेडियम।
12 टीमें तय, 8 के लिए मचेगा घमासान
आईसीसी ने 20 टीमों वाले सफल फॉर्मेट को बरकरार रखा है। 2026 के प्रदर्शन और रैंकिंग के आधार पर 12 टीमों ने अपना स्थान पक्का कर लिया है:
| श्रेणी |
क्वालीफाई करने वाली टीमें |
| मेजबान देश |
ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड |
| T20 WC 2026 प्रदर्शन |
भारत (डिफेंडिंग चैंपियन), इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे |
| ICC रैंकिंग (9 मार्च 2026) |
अफगानिस्तान, बांग्लादेश, आयरलैंड
|
बाकी 8 स्थान: इन सीटों के लिए रीजनल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट 2026 के मध्य से शुरू होंगे। केमैन द्वीप समूह (अमेरिका क्षेत्र) और यूरोप जैसे क्षेत्रों में उप-रीजनल क्वालीफायर आयोजित किए जाएंगे, जिससे एसोसिएट देशों को मुख्य मंच पर आने का सुनहरा मौका मिलेगा।
2028 वर्ल्ड कप का ढांचा 2026 के सफल मॉडल पर आधारित होगा:
ग्रुप स्टेज: 20 टीमों को 5-5 के चार समूहों में बांटा जाएगा।
सुपर-8: प्रत्येक ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले दौर (सुपर-8) में प्रवेश करेंगी।
नॉकआउट: सुपर-8 की सर्वश्रेष्ठ चार टीमें सेमीफाइनल में भिड़ेंगी, जिसके बाद दो विजेता टीमें खिताबी मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी।