Edited By Parveen Kumar,Updated: 21 Oct, 2026 05:30 PM

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ नयी दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद शशि...
नेशनल डेस्क : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ नयी दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि वह कोई ''ट्रैवल एजेंट नहीं हैं''। थरूर की यह टिप्पणी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा राहुल की विदेश यात्रा की आलोचना किए जाने के बाद आई है।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान ''झूठ बोल बोलकर'' थक जाने के बाद राहुल छुट्टियां मनाने के लिए विदेश चले गए हैं। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में थे, जहां संवाददाताओं ने उनसे पूछा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन जारी रहने के बीच राहुल विदेश क्यों गए हैं।
थरूर ने कहा, ''मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे यह सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है। मैं दिल्ली छोड़कर यहां क्यों आया? हर व्यक्ति की अपनी कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।''