Edited By Vatika,Updated: 14 Feb, 2026 09:19 AM

औद्योगिक नगरी लुधियाना में अब अपराधी घर बैठे ही लोगों की रातों की नींद हराम कर रहे हैं।
लुधियाना(राज): औद्योगिक नगरी लुधियाना में अब अपराधी घर बैठे ही लोगों की रातों की नींद हराम कर रहे हैं। जहां एक गैंगस्टर ने कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर भारी-भरकम फिरौती की मांग की है। पीड़ित अपने घर पर मौजूद था। अपराधी ने कॉल कर न केवल रुपयों की मांग की, बल्कि बात न मानने पर पीड़ित और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की खौफनाक धमकी भी दे डाली है।
थाना सराभा नगर की शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 10 फरवरी को शाम करीब 6:50 बजे वह अपने घर पर था, तभी उसके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर (+16196060307) से व्हाट्सएप कॉल आई। पीड़ित के मुताबिक कॉल कटने के तुरंत बाद उसे मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें उससे सीधे तौर पर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। मैसेज भेजने वाले शख्स ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर उसने एक करोड़ रुपए का इंतजाम नहीं किया, तो उसे और उसके परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इस धमकी भरे मैसेज के बाद से पीड़ित का परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से उस नंबर की लोकेशन और पहचान खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फिरौती के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है या किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए यह हरकत की है।