Edited By Vatika,Updated: 19 Feb, 2026 10:12 AM

इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने निर्मल सिंह की शिकायत पर आरोपी संजय कुमार शाह, जतिंदर कुमार शाह और सुरिंदर कुमार शाह के खिलाफ
लुधियाना(राज): शहर में निवेश के नाम पर मोटी कमाई का लालच देकर लोगों की मेहनत की गाढ़ी कमाई डकारने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ताजा मामले में एक शातिर गिरोह ने वर्मी कंपोस्टिंग (खाद बनाने का प्रोजेक्ट) के नाम पर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने निर्मल सिंह की शिकायत पर आरोपी संजय कुमार शाह, जतिंदर कुमार शाह और सुरिंदर कुमार शाह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकरता निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने हममशवरा होकर उसे अपनी कंपनी के वर्मी कंपोस्टिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए राजी किया।
आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया था कि इस प्रोजेक्ट में पैसा लगाने से उसे बड़ा लाभ और नियमित मुनाफा होगा। झांसे में आकर निर्मल सिंह ने कुल 7,70,000 रुपए की बड़ी राशि आरोपियों के हवाले कर दी। निवेश के बाद जब वादे के मुताबिक न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस आई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस की जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों का मकसद शुरू से ही धोखाधड़ी करना था। उन्होंने पीड़ित से निवेश के नाम पर पैसे तो ऐंठ लिए लेकिन बदले में न तो कोई प्रोजेक्ट शुरू किया और न ही रकम वापस की। बार-बार पैसे मांगने पर जब आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए तो पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।