Edited By Vatika,Updated: 04 Feb, 2026 09:58 AM

पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले बकाया बिजली बिलों
लुधियाना(गीतांजलि): पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले बकाया बिजली बिलों की वसूली तेज कर दी है। इसके तहत जनवरी महीने में लुधियाना जिले में एक विशेष रिकवरी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान PSPCL ने 28,491 बकायेदार उपभोक्ताओं से करीब 91.74 करोड़ रुपए की वसूली की।
साथ ही, जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया था, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 5,835 कनेक्शन काटे गए, जिन पर कुल 17.62 करोड़ रुपये का बकाया था। PSPCL अधिकारियों ने बताया कि यह रिकवरी ड्राइव 1 जनवरी से शुरू हुई है और मार्च के अंत तक जारी रहेगी। इसका मकसद पुराने बिजली बिलों की वसूली कर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। सबसे ज्यादा वसूली लुधियाना ईस्ट सर्किल से हुई, जहां से 38.95 करोड़ रुपये वसूले गए। वहीं लुधियाना वेस्ट सर्किल से 37.27 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई।
दोराहा में सबसे ज्यादा कनेक्शन कटे
बिजली कनेक्शन काटने के मामले में दोराहा सबसे आगे रहा, जहां 864 कनेक्शन काटे गए। इसके बाद खन्ना में 793, सरहिंद में 787 और सिटी सेंटर में 505 कनेक्शन काटे गए।
60 दिन से ज्यादा बकाया वालों पर कार्रवाई
PSPCL अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिल 60 दिन से ज्यादा समय तक बकाया रहता है, उन्हें डिफॉल्टर माना जाता है। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले नोटिस देकर 10 दिन का समय दिया जाता है। तय समय में भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काट दिया जाता है। पूरा बकाया जमा करने के बाद ही कनेक्शन दोबारा जोड़ा जाता है। PSPCL के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि यह रिकवरी ड्राइव PSPCL की वित्तीय स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है। समय पर बिल वसूली से कैश फ्लो बेहतर होता है, राजस्व नुकसान कम होता है और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश संभव हो पाता है। हम उपभोक्ताओं को पूरा मौका देते हैं, लेकिन लगातार डिफॉल्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।फिलहाल बिजली विभाग की टीमें जिले भर में लगातार रिकवरी और डिस्कनेक्शन की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।