Edited By ,Updated: 26 Sep, 2025 04:40 AM

आज हर जगह आपा-धापी सी मची हुई है। कहीं बम धमाके, कहीं राजनीतिक उठापटक तो कहीं तरह-तरह के अपराध। ऐसे में पाठकों के लिए आज हम कुछ ‘अजब-गजब’ समाचार यहां निम्न में दर्ज कर रहे हैं जो आपको बताएंगे कि ऊपर लिखी बातों के अलावा भी कैसे-कैसे घटनाक्रम हो रहे...
आज हर जगह आपा-धापी सी मची हुई है। कहीं बम धमाके, कहीं राजनीतिक उठापटक तो कहीं तरह-तरह के अपराध। ऐसे में पाठकों के लिए आज हम कुछ ‘अजब-गजब’ समाचार यहां निम्न में दर्ज कर रहे हैं जो आपको बताएंगे कि ऊपर लिखी बातों के अलावा भी कैसे-कैसे घटनाक्रम हो रहे हैं :
* 12 मार्च को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में फर्रुखाबाद के रहने वाले पीयूष तथा निशा नामक कपल के शव बरामद हुए जो रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। दोनों ने 17 फरवरी को कोर्ट मैरिज की थी और गाजियाबाद में आकर किराए के मकान में रह रहे थे। आरोप है कि निशा के 3 बड़े भाई और पिता उन्हें धमकियां दे रहे थे लिहाजा दोनों ने आत्महत्या कर ली।
* 4 जून को शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) में 4 बच्चों की एक विधवा मां ने, जिसके पति का 3 वर्ष पहले निधन हो गया था, अपने से 23 वर्ष छोटे युवक से शादी कर ली, जिसे उसने अपनी बेटी के लिए पसंद किया था। महिला की फोन पर अपने भावी दामाद से बातचीत होती रहती थी, जो जल्दी ही प्यार में बदल गई और दोनों ने मंदिर में सात फेरे ले लिए।
* 9 जून को ‘बदायूं’ (उत्तर प्रदेश) में एक युवती शादी से एक दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। बदनामी के डर से युवती के घर वालों ने वर पक्ष को पूरी बात बताई और युवती की छोटी बहन से युवक की शादी करवा दी। उल्लेखनीय है कि इधर छोटी बहन विदा हुई और उधर पुलिस ने बड़ी बहन को भी उसके प्रेमी के साथ ढूंढ निकाला।
* 18 अगस्त को ‘मुजफ्फरनगर’ (उत्तर प्रदेश) में 2 बहनों ‘दीपांशी’ तथा ‘निकिता’ ने आपस में शादी कर ली और अब पति-पत्नी की तरह इकट्ठी रह रही हैं। दोनों एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करती हैं।
* 23 अगस्त को ‘धुले’ (महाराष्ट्र) के ‘बलदे’ गांव में एक बंदर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया तथा समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
यह खबर सुनकर गांव भर में शोक की लहर दौड़ गई। गांव वालों ने इस बंदर को परिवार का सदस्य मान कर विधिपूर्वक उसका अंतिम संस्कार किया। पूरे गांव ने पांच दिनों तक शोक मनाया। सारे गांव के पुरुषों ने अपना मुंडन करवाया और बंदर के लिए हनुमान मंदिर में अनुष्ठान करवाया।
* 9 सितम्बर को बरेली (उत्तर प्रदेश) के ‘कमालूपुर’ में 2 बच्चों का बाप अपनी पत्नी को छोड़कर साली को भगा कर ले गया और उसके अगले ही दिन उसका साला अपने नए बने ‘जीजा जी’ की बहन को लेकर फरार हो गया।
* 20 सितम्बर को हरियाणा की एक प्राइवेट यूनिवॢसटी के प्रोफैसर को दिल्ली स्थित ‘नैशनल म्यूजियम’ से सिंधू घाटी के जमाने की 4500 वर्ष पुरानी मूॢत ‘डांसिंग गर्ल’ की प्रतिकृति चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
* 22 सितम्बर को मुम्बई में कांग्रेस कार्यकत्र्ता ‘प्रकाश मामा पगारे’ (73) ने सोशल मीडिया पर पी.एम. मोदी की एक ‘माफ्र्ड’ (कम्प्यूटर द्वारा छेड़छाड़ करके बनाई गई) फोटो शेयर कर दी जिसमें वह साड़ी में नजर आ रहे थे। इस पोस्ट के सामने आते ही भाजपा नेताओं का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने ‘प्रकाश मामा पगारे’ को बुला कर उसे साड़ी पहना दी।
* 22 सितम्बर को ही अमरीका के राष्ट्रपति ‘डोनाल्ड ट्रम्प’ अपने कट्टïर समर्थक ‘चार्ली किर्क’ जिसकी हाल ही में हत्या कर दी गई थी, की शोकसभा में गए। माहौल काफी गंभीर था परंतु तभी ‘ट्रम्प’ को न जाने क्या सूझी कि उन्होंने खड़े होकर नाचना शुरू कर दिया जिसे देख कर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
* 23 सितम्बर को जालंधर (पंजाब) में घर में ब्लड सैम्पल लेने आए निजी लैब के कर्मचारी ने घर के बाथरूम में नहा रही महिला का न्यूड वीडियो बना लिया। यह देख कर नहा रही महिला ने शोर मचा दिया जिस पर घर में मौजूद लोगों ने उक्त युवक की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हम आशा करते हैं कि उक्त समाचार पढ़ कर पाठकों को थोड़ा सा महसूस हुआ होगा कि आज राजनीति के अलावा दुनिया में और भी बहुत कुछ ‘अजब-गजब’ हो रहा है।—विजय कुमार