Edited By Tanuja,Updated: 25 Mar, 2026 04:53 PM

भारत सरकार ने खाड़ी संकट के बीच अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए 24x7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन शुरू की है। Aseem R Mahajan ने बताया कि उड़ानें जारी हैं, निकासी योजनाएं तैयार हैं और विदेशों में भारतीयों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
International Desk: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। विदेश मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव Aseem R Mahajan ने बताया कि एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे काम कर रहा है। इसके साथ ही हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत मदद ले सकें। सरकार राज्य सरकारों और भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है। नियमित रूप से एडवाइजरी जारी की जा रही है, जिसमें यात्रा, सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात की जानकारी दी जा रही है।
जरूरत पड़ने पर वीजा, यात्रा और निकासी (Evacuation) की व्यवस्था भी की जा रही है। उड़ानों की बात करें तो भारत और खाड़ी देशों के बीच एयर कनेक्टिविटी अभी भी जारी है, हालांकि कुछ जगहों पर एयरस्पेस बंद होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। इसके बावजूद UAE, ओमान और सऊदी अरब से सैकड़ों उड़ानें संचालित हो रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 4.26 लाख से ज्यादा यात्री 2,199 उड़ानों के जरिए यात्रा कर चुके हैं।
इसके अलावा इजराइल से 326 भारतीय नागरिकों को जॉर्डन के रास्ते वापस लाया जा रहा है। सरकार ने यह भी बताया कि एक भारतीय नागरिक की विदेश में मौत हो गई थी, जिनका पार्थिव शरीर भारत लाया जा चुका है और परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है। कुल मिलाकर, भारत सरकार इस संकट को लेकर पूरी तरह तैयार है और लगातार बदलती स्थिति के अनुसार अपने प्लान को अपडेट कर रही है, ताकि विदेशों में रह रहे हर भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।