Edited By Pardeep,Updated: 26 Mar, 2026 06:13 AM

बांग्लादेश में एक दर्दनाक हादसे ने ईद की खुशियों को मातम में बदल दिया। करीब 40 यात्रियों से भरी एक बस के नदी में गिर जाने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। बस में सवार यात्रियों में बच्चे भी शामिल थे, जो ईद की छुट्टियां मनाकर...
इंटरनेशनल डेस्कः बांग्लादेश में एक दर्दनाक हादसे ने ईद की खुशियों को मातम में बदल दिया। करीब 40 यात्रियों से भरी एक बस के नदी में गिर जाने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। बस में सवार यात्रियों में बच्चे भी शामिल थे, जो ईद की छुट्टियां मनाकर ढाका लौट रहे थे। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। खराब मौसम और मुश्किल हालात के बावजूद करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बस को नदी से बाहर निकाला गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5:15 बजे राजबाड़ी जिले के दौलतदिया टर्मिनल पर हुई। बस एक फेरी (नाव) पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे पद्मा नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जब बस को पानी से बाहर निकाला गया, तो उसके अंदर 14 शव मिले। इससे पहले गोताखोरों ने दो महिलाओं के शव बरामद किए थे। इस तरह कुल 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई यात्री अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। सेना, पुलिस, अग्निशमन सेवा और तटरक्षक बल की टीमें मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
फेरी पर चढ़ते समय हुआ बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस फेरी पर चढ़ने के लिए आगे बढ़ रही थी, उसी दौरान एक छोटी यूटिलिटी नाव पोंटून से टकरा गई। इस टक्कर से बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे नदी में गिर गई। कुछ यात्री तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि कई को मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अधिकतर यात्री बस के अंदर ही फंस गए। कई लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस में सवार कई यात्री एक ही परिवार के थे। जो लोग बस के बाहर खड़े थे, वे तो बच गए, लेकिन उनके अपने ही लोग वाहन के अंदर डूब गए, जिससे मौके का दृश्य बेहद हृदयविदारक हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने तुरंत अधिकारियों से संपर्क कर हालात की जानकारी ली और इस हादसे की जांच के आदेश दिए। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक भी व्यक्त किया है।