Edited By Anu Malhotra,Updated: 26 Mar, 2026 09:33 AM

आंध्र प्रदेश के मारकापुरम जिले में गुरुवार की सुबह किसी दुःस्वप्न जैसी रही। रायवरम इलाके के पास एक तेज रफ्तार बस और बजरी ले जा रहे टिपर ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर ने देखते ही देखते एक वीभत्स तमाशे का रूप ले लिया। टक्कर का धमाका इतना जोरदार...
नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के मारकापुरम जिले में गुरुवार की सुबह किसी दुःस्वप्न जैसी रही। रायवरम इलाके के पास एक तेज रफ्तार बस और बजरी ले जा रहे टिपर ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर ने देखते ही देखते एक वीभत्स तमाशे का रूप ले लिया। टक्कर का धमाका इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों ने पलक झपकते ही आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग के विशाल गोले में तब्दील हो गई।
बंद दरवाजे और मौत का घेरा
इस हादसे ने यात्रियों को संभलने या बाहर भागने का जरा भी समय नहीं दिया। जैसे ही आग फैली, बस के भीतर धुएं का गुबार भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। पुलिस के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री आग की लपटों के बीच सबसे बुरी तरह फंस गए। इस दिल दहला देने वाली घटना में 13 लोगों की मौके पर ही झुलसकर जान चली गई। वहीं, 18 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय निवासियों और पुलिस की जांबाजी से बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मलबे में तलाश और राजकीय शोक
मारकापुरम के डीएसपी नागराजू ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए बताया कि बचाव कार्य अभी भी जारी है। प्रशासन को अंदेशा है कि बस के लोहे के मलबे के नीचे कुछ और शव दबे हो सकते हैं। फिलहाल प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और मृतकों की पहचान करने की है, ताकि उनके शोकाकुल परिवारों को सूचना दी जा सके।
राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने प्रशासन को पीड़ितों की हर संभव मदद करने और घटना की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पूरा इलाका इस समय गमगीन है और हर तरफ उस खौफनाक मंजर की चर्चा हो रही है जिसने हंसते-खेलते सफर को मातम में बदल दिया।