Edited By ,Updated: 24 Feb, 2026 03:52 AM

सरकार के लाख प्रयासों के बावजूद समाज विरोधी तत्वों द्वारा विभिन्न प्रकार के नशों का काला कारोबार जारी है जिसके लिए वे तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं व इसके लिए चप्पलेंं तक इस्तेमाल कर रहे हैं। यह बुराई कितनी बढ़ चुकी है यह निम्न में दर्ज मात्र पिछले...
सरकार के लाख प्रयासों के बावजूद समाज विरोधी तत्वों द्वारा विभिन्न प्रकार के नशों का काला कारोबार जारी है जिसके लिए वे तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं व इसके लिए चप्पलेंं तक इस्तेमाल कर रहे हैं। यह बुराई कितनी बढ़ चुकी है यह निम्न में दर्ज मात्र पिछले डेढ़ महीने की घटनाओं से स्पष्ट है :
* 11 जनवरी, 2026 को ‘दौसा’ (राजस्थान) पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रैस-वे पर ‘भांडारेज’ के निकट एक ट्रक को रोक कर उसमें से चावल की बोरियों के नीचे छिपा कर पंजाब से गुजरात (जहां शराबबंदी लागू है) ले जाई जा रही एक करोड़ रुपए मूल्य की अवैध शराब जब्त की।
* 12 जनवरी, 2026 को ‘डायरैक्टोरेट आफ रैवेन्यू इंटैलीजैंस’ ने ‘डीडवाना-कुचामन’ (राजस्थान) इलाके में मुर्गी-दाने की खेप में छिपाकर ले जाई जा रही 81 करोड़ रुपए मूल्य की 270 किलो ‘मेफेड्रोन’ जब्त की।
* 22 जनवरी, 2026 को ‘जोधपुर’ (राजस्थान) रेंज की पुलिस की स्पैशल टीम ने थाना ‘शिवपुरा’ (पाली) की पुलिस के साथ मिल कर संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक में गेहूं की बोरियों में छिपा कर ले जाई जा रहा
2 किलो 359 ग्राम अवैध ‘अफीम’ बरामद करके ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक को गिरफ्तार किया।
* 24 जनवरी, 2026 को ‘पूर्णिया’ (बिहार) पुलिस ने विदेशी शराब की तस्करी कर रहे एक नाबालिग को गिरफ्तार करके उससे विभिन्न ब्रांड की 14.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
* 30 जनवरी, 2026 को ‘बगहा’ (बिहार) पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दूसरे राज्यों को भेजने के लिए ‘पुआल’ (पराली) में छिपाकर रखा हुआ लाखों रुपए मूल्य का 203 किलो गांजा बरामद किया।
* 30 जनवरी, 2026 को ही ‘जहानाबाद’ (बिहार) के ‘हुलासगंज’ में पुलिस ने एक पार्सल वैन को रोक कर तलाशी ली तो उसमें से सीटों के नीचे गुप्त जगह बनाकर बड़ी मात्रा में छिपाई शराब की बोतलें बरामद हुईं।
* 8 फरवरी, 2026 को ‘प्रतापगढ़’ (राजस्थान) में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘आप्रेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत प्लास्टिक की चप्पलों में छिपाकर ले जाई जा रही 35 लाख रुपए मूल्य की ‘ब्राऊन शूगर’ और ‘कैमिकल पाऊडर’ जब्त करके ‘संजर खान’ नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
* 16 फरवरी, 2026 को ‘लुधियाना’ (पंजाब) पुलिस ने एक बड़े ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करके 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे 320 ग्राम हैरोइन बराामद की।
* 19 फरवरी, 2026 को ‘फगवाड़ा’ (पंजाब) में पुलिस ने ‘रेखा’ नामक विवाहित महिला को 30 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया।
* 19 फरवरी, 2026 को ही ‘लुधियाना’ (पंजाब) पुलिस ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे 200 ग्राम हैरोइन बराामद की।
* 22 फरवरी, 2026 को ‘जांजगीर चांपा’ (छत्तीसगढ़) में पुलिस ने
2 आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार करके उनसे 4.98 लाख रुपए मूल्य का कुल 9.744 किलो गांजा बरामद किया।
* 22 फरवरी, 2026 को ही ‘फरीदकोट’ (पंजाब) पुलिस के
सी.आई.ए. स्टाफ ने 4 किलो 804 ग्राम हैरोइन, 30,000 रुपए ड्रग मनी और 1 रिवाल्वर के साथ एक सैन्यकर्मी, एक बर्खास्त पुलिस कर्मी और 2 महिलाओं सहित 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
* और अब 23 फरवरी, 2026 को ‘अमृतसर’ में एक नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करके पुलिस टीमों ने 3 ‘आप्रेटिव्स’ को गिरफ्तार करके उनके पास से 6 किलो हैरोइन तथा 6 किलो ‘आइस’ बरामद की है।
ये तो वे घटनाएं हैं जो समाचारपत्रों में छपी हैं। इनके अलावा भी न जाने कितने समाज विरोधी तत्व पकड़ में आए बिना निकल गए होंगे। अत: इस बुराई को समाप्त करने के लिए इस ‘जहर’ के व्यापारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने की तुरंत जरूरत है। तभी इस बुराई पर रोक लग सकेगी और देश की युवा पीढ़ी का स्वास्थ्य व चरित्र नष्ट होने से बच सकेगा।—विजय कुमार