‘ए.टी.एम. में सुरक्षा की कमी’ लूट की घटनाएं बढ़ीं!

Edited By Updated: 08 Oct, 2026 02:42 AM

lack of security at atms incidents of robbery increase

विश्व भर में सभी बैंकों ने ए.टी.एम. लगा कर खाताधारकों को यह सुविधा दी है कि वे किसी भी बैंक के ए.टी.एम. से अपने क्रैडिट या डैबिट कार्ड की सहायता से पैसे निकाल लें।

विश्व भर में सभी बैंकों ने ए.टी.एम. लगा कर खाताधारकों को यह सुविधा दी है कि वे किसी भी बैंक के ए.टी.एम. से अपने क्रैडिट या डैबिट कार्ड की सहायता से पैसे निकाल लें। यह सुविधा एक वरदान है परंतु अनेक ए.टी.एम. में सुरक्षा की कमी होने के कारण अपराधी तत्वों द्वारा ए.टी.एम. तोड़ कर उनमें पड़ा धन लूटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं जिनकी पिछले लगभग 7 महीनों में सामने आई घटनाएं निम्न में दर्ज हैंं :

* 14 अप्रैल को ‘पूर्वी जयंतिया हिल्स’ (मेघालय) के ‘वापुंगस्कर’ गांव में ‘एच.डी.एफ.सी. बैंक’ के ए.टी.एम. को गैस सिलैंडर तथा अन्य औजारों से काट कर लुटेरे वहां से 9,57,900 रुपए लेकर फरार हो गए।
* 25 जुलाई को  ‘अन्नमैया’ (तमिलनाडु) जिले के ‘मदनपल्लै’ में लुटेरों का एक सशस्त्र गिरोह इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ‘स्टेट बैंक’ के ए.टी.एम. को उसमें मौजूद 13.5 लाख रुपयों की नकदी सहित उखाड़ कर ले गया। 
* 13 अगस्त को ‘फरीदाबाद’ (हरियाणा) में 3 लुटेरों ने ‘स्टेट बैंक’ के ए.टी.एम. पर धावा बोला और ए.टी.एम. ही उखाड़ कर ले गए जिसमें 8.54 लाख रुपए मौजूद थे। 
* 25 अगस्त को ‘कांचीपुरम’ (तमिलनाडु) में लुटेरों ने एक बैंक के ए.टी.एम. का कैश बाक्स गैस कटर से काट कर 9 लाख रुपए लूट लिए। 

* 14 सितम्बर को  ‘जयपुर’ (राजस्थान) स्थित ‘रामनगरिया’ में लुटेरे ‘बैंक ऑफ इंडिया’ के ए.टी.एम. से बंदूक की नोक पर 41.70 लाख रुपए लूट कर ले गए। पुलिस ने इस लूट में शामिल एक युवती और उसके ब्वाय फ्रैंड तथा उनके कुछ साथियों को गिरफ्तार करके उनके पास से 26.80 लाख रुपए बरामद किए।
* 19 सितम्बर को ‘करीम नगर’ (तेलंगाना) के ‘थिमलापुर’ और ‘दुरशेद’ में एक अंतर्राज्यीय गैंग ने तड़के 3.00 से 4.00 बजे के बीच ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ के 2 अलग-अलग ए.टी.एम. को निशाना बनाया और दोनों ए.टी.एम. मशीनों को गैस कटर से काट कर वहां से 16 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। लुटेरों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए महिलाओं वाले कपड़े पहने हुए थे और सी.सी.टी.वी. कैमरों पर पेंट छिड़क दिया था।

* 6 अक्तूबर को ‘शमशाबाद’ (तेलंगाना) स्थित ‘एक्सिस बैंक’ के ए.टी.एम. को 2 चोर गैस कटर की मदद से काट कर उसमें पड़े 32 लाख रुपए ले उड़े। अपनी पहचान छिपाने के लिए चोरों ने सी.सी.टी.वी. कैमरे पर काले पेंट का स्प्रे कर दिया था।
* 6 अक्तूबर को ही तड़के  लगभग साढ़े तीन बजे  ‘देवघर’ (झारखंड) के ‘नंदन पहाड़’ इलाके में नकाबपोश लुटेरे ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ के ए.टी.एम. वाले कैबिन के शटर को काटने के बाद ए.टी.एम. को उखाड़ कर ले गए जिसमें 4.82 लाख रुपए थे।
* और अब 6 अक्तूबर को ही ‘राजपुरा’ (पंजाब) में ‘केनरा बैंक’ के ए.टी.एम. से लुटेरे लाखों रुपए की नकदी चुरा कर फरार हो गए। लुटेरों ने कैबिन में लगे कैमरों को स्प्रे पेंट से ढांप दिया था अधिकतर मामलों में चोर ए.टी.एम. वाली कैबिन पर सुरक्षा गार्ड तैनात न होने का फायदा उठाते हैं और गैस कटर से ए.टी.एम. की कैश ट्रे काट लेते हैं। जहां गैस कटर काम नहीं करता, वहां चोर रस्सियों के सहारे ए.टी.एम. को अपनी गाड़ी के साथ बांध कर पूरे ए.टी.एम. को ही उखाड़ कर ले जाते हैं। पहचान छुपाने के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरों पर पेंट या ब्लैक स्प्रे करना चोरों का नया तरीका बन गया है। 

उक्त उदाहरणों से स्पष्ट है कि आजकल ए.टी.एम. लूटने की घटनाएं कितनी बढ़ चुकी हैं। अत: ए.टी.एम. की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध करने की आवश्यकता है। इसके लिए बैंकों के ए.टी.एम. कैबिनों के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, ए.टी.एम. कैबिन के बाहर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने  और उसके आसपास समुचित रौशनी की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि वहां से गुजरने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।—विजय कुमार 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!