धर्म और राजसत्ता हैं एक-दूसरे के पूरक

Edited By Updated: 06 May, 2023 05:20 AM

religion and state are complementary to each other

जब भी किसी धर्म का जन्म और उसका विकास हुआ है, एक मायने में उसका अर्थ यह रहा है कि अधिक से अधिक लोगों पर हुक्म चलाने या शासन करने की ताकत हासिल की जाए। धर्म और राजसत्ता का यही रहस्य है।

जब भी किसी धर्म का जन्म और उसका विकास हुआ है, एक मायने में उसका अर्थ यह रहा है कि अधिक से अधिक लोगों पर हुक्म चलाने या शासन करने की ताकत हासिल की जाए। धर्म और राजसत्ता का यही रहस्य है। दोनों एक-दूसरे से अलग नहीं बल्कि पूरक और पोषण तत्व हैं। इतिहास देख लीजिए, सत्ता चलाने के लिए राजधर्म का पालन किया जाता है अर्थात राज तब ही स्थिर रह सकता है जब उसका आधार या सहयोगी धर्म हो। जो लोग यह कहते हैं कि ये अलग हैं तो समझना चाहिए कि भुलावे में रखकर अपनी स्वार्थ सिद्धि की जा रही है। धर्म राजसत्ता के साथ मिलकर जीवन के सभी क्षेत्रों पर काबिज होता जाता है और अपना विस्तार करता रहता है ताकि अधिक से अधिक आबादी पर कोई भी मुखौटा पहनकर राज कर सके। 

धर्म का सत्ता से जुड़ाव : यही वास्तविकता है, कहने को धर्म आपस में भेद करना नहीं सिखाता लेकिन उसके मूल में यही भाव रहता है कि धार्मिक आधार पर बंटवारा किए बिना शासन की डोर हाथ में नहीं रखी जा सकती। उदाहरण के लिए ईसाई देशों की ताकत चर्च में, इस्लामी देशों की लगाम मस्जिद के हाथ में, हिंदू की मंदिर में, सिख की गुरुद्वारे में और इसी तरह अन्य सभी देशों की शक्ति उनके धर्म में निहित है। 

कोई धर्म अत्याचार की हद तक कट्टर हो सकता है तो कोई सब के सुख में अपना सुख मानने की सीमा तक सहिष्णु हो सकता है। यहां तक कि कम्युनिस्ट देश जो धर्म को नहीं मानते लेकिन अपनी विचारधारा, जो धर्म ही है, के आधार पर अपना शासन चलाने और उसका विस्तार करते दिखाई देते हैं। धर्मों का आपस में को-आर्डिनेशन या समन्वय तो हो सकता है लेकिन वे कभी भी एक-दूसरे में विलीन नहीं हो सकते। धर्म चाहे छोटा हो या बड़ा, स्वतंत्र रहकर ही अपनी सत्ता चलाना उसके मूल तत्वों में से एक है। यही कारण है कि धर्म बदलने या बदलवाने के पीछे भाव यही रहता है कि परिवर्तन चाहे इक्का-दुक्का हो या कोई लहर चल पड़े, आशय यही होता है कि इसके जरिए राजनीतिक सत्ता हासिल की जाए। 

जब भारत पर हिंदू राजाओं का राज था और मुगल आए तो उन्होंने इस्लाम अपनाने की मुहिम छेड़ी और अंग्रेज आए तो ईसाईयत की लहर हिलोरें मारने लगी। स्वतंत्रता के बाद हिंदू धर्म का वर्चस्व था तो हिंदू राष्ट्र बनने की होड़ लग गई जो अब तक जारी है। यही कारण है कि हिंदू धर्म को बुरा भला कहने वाले और हिंदुओं के धार्मिक स्थलों की अवहेलना करने वाले, चाहे वे जन्म से हिंदू हों या बाद में बन गए हों, वह सबकुछ कर रहे हैं जिससे राजनीतिक सत्ता की सीढ़ी पर चढऩा आसान हो जाए। धर्म परिवर्तन में धार्मिक अच्छाई के साथ-साथ शोषण, दबाव, लोभ, लालच और पैसों के लेन-देन की जबरदस्त भूमिका है। यह न हो तो कोई क्यों अपना धर्म बदलेगा, अपनी इच्छा से तो कतई नहीं, यह सत्य है ! 

उदाहरण के लिए हिंदुओं का अपने ही धर्म में जो गरीब, अनपढ़, दलित और अन्य दबी-कुचली जातियों के लोग हैं, उनका शोषण करना अपना अधिकार समझा जाता रहा है। ऐसे में कोई उनसे आकर कहे कि तुम्हें अपने ही मंदिर में नहीं जाने दिया जाता तो आओ हमारे गिरिजाघर तुम्हारे स्वागत के लिए खुले हैं। अगर तुम भूखे हो और खाने के लिए पैसे नहीं तो हम तुम्हें भोजन देंगे। बीमार हो तो इलाज करेंगे और मुफ्त दवा देंगे। पढऩा है तो हम पढ़ाएंगे। छुआछूत से परेशान हो, लड़कियों को घर से बाहर निकलने पर पाबंदी है, उनके पढऩे पर रोक है, अपनी मर्जी से कहीं नहीं जा सकतीं और कपड़े पहनने तक पर रोक-टोक है तो हम हैं न यह सब सुविधा देने के लिए। इसी तरह के प्रलोभन दिए जाते हैं, शर्त इतनी सी है कि अपना ही धर्म जब अपमान करने लगे और दूसरा स्वागत करे तो उसे अपनाना बेहतर लगता है। 

सोच में परिवर्तन : दूसरे धर्म में जाने के अन्य कारणों में यह भी है कि अपने में दूसरी शादी नहीं कर सकते और दूसरे में चार तक कर सकते हैं तो उसे अपना लिया जाए। कई बार धर्म की विशेषता नहीं उसकी सहूलियतें देख कर धर्म परिवर्तन हो जाता है। बहुत से राज्यों ने धर्म बदलने के खिलाफ कानून बना दिए हैं लेकिन इनमें इतनी विसंगतियां हैं कि उनका पालन मुश्किल है। कानून की बजाय अगर धर्म के नाम पर होने वाली कुरीतियों और पाखंड के खिलाफ कानून बनता तो सही होता। 

धर्म बदलना न पड़े और उसको बदलवाने की सफल कोशिश न हो तो उसके लिए जरूरी है कि अपना धर्म सबसे अच्छा लगे तब ही अपने धर्म पर आधारित राष्ट्र की स्थापना हो सकेगी। लेकिन प्रश्न यह भी है कि धार्मिकता पर आधारित देश बने ही क्यों? शिक्षित, रोजगार संपन्न और समृद्ध तथा वैभवशाली राष्ट्र क्यों न बनाया जाए। इससे धर्म के आधार पर दंगा फसाद करने वालों की पहचान आसन हो जाएगी और सांप्रदायिक मनमुटाव से बचा जा सकेगा। धार्मिक संख्या बल का महत्व नहीं रहेगा और यह डर नहीं रहेगा कि अगर किसी धर्म के लोगों की संख्या बढ़ गई तो राजनीतिक सत्ता किसी दूसरे धर्म के हाथ में चली जाएगी।-पूरन चंद सरीन
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!