Edited By jyoti choudhary,Updated: 28 Jun, 2025 01:44 PM

दिग्गज निवेशक और बर्कशायर हाथवे (Berkshire Hathaway) के चेयरमैन वॉरेन बफेट ने एक बार फिर परोपकारिता की मिसाल पेश की है। 94 वर्षीय बफेट ने करीब $600 करोड़ (लगभग ₹51,291 करोड़) मूल्य के बर्कशायर के क्लास बी शेयर दान किए हैं। यह डोनेशन उन्होंने गेट्स...
बिजनेस डेस्कः दिग्गज निवेशक और बर्कशायर हाथवे (Berkshire Hathaway) के चेयरमैन वॉरेन बफेट ने एक बार फिर परोपकारिता की मिसाल पेश की है। 94 वर्षीय बफेट ने करीब $600 करोड़ (लगभग ₹51,291 करोड़) मूल्य के बर्कशायर के क्लास बी शेयर दान किए हैं। यह डोनेशन उन्होंने गेट्स फाउंडेशन सहित चार पारिवारिक चैरिटी संस्थाओं को दिया है। यह अब तक का उनका सबसे बड़ा वार्षिक दान है।
रॉयटर्स के मुताबिक, जब से बफेट ने 2006 में अपनी संपत्ति का हिस्सा दान करना शुरू किया है, यह साल उनके डोनेशन इतिहास में सबसे अहम रहा है। इस बार के डोनेशन के बाद उनका कुल चैरिटेबल योगदान $6000 करोड़ (₹5 लाख करोड़ से अधिक) से ऊपर पहुंच चुका है।
किसे मिले कितने शेयर?
बफेट ने कुल 1.24 करोड़ क्लास बी शेयर दान किए हैं, जिनमें:
- गेट्स फाउंडेशन को 94.3 लाख शेयर
- सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को 9.43 लाख शेयर
- अपने बच्चों की संस्थाओं—हॉवर्ड जी. बफेट फाउंडेशन, शेरवुड फाउंडेशन और नोवो फाउंडेशन—को प्रत्येक को 6.6 लाख शेयर दिए गए हैं।
इन संस्थाओं का फोकस शिक्षा, प्रजनन स्वास्थ्य, भूखमरी, मानव तस्करी और हाशिए पर रह रहे समुदायों के सशक्तिकरण पर है।
दान के बाद संपत्ति में गिरावट, रैंक में बदलाव
दान से पहले बफेट की कुल संपत्ति $15,200 करोड़ थी और वे फोर्ब्स की सूची में दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति थे। डोनेशन के बाद उनकी नेटवर्थ घटकर उन्हें छठा स्थान मिल गया है। इसके बावजूद उनके पास अब भी बर्कशायर में 13.8% हिस्सेदारी बनी हुई है।
बर्कशायर का साम्राज्य
बफेट 1965 से बर्कशायर हाथवे का नेतृत्व कर रहे हैं। $1.05 लाख करोड़ से अधिक वैल्यू वाली यह कंपनी GEICO, BNSF रेलरोड समेत करीब 200 व्यवसायों को संचालित करती है। साथ ही इसके पोर्टफोलियो में Apple, American Express जैसी दिग्गज कंपनियों में हिस्सेदारी शामिल है।