Edited By jyoti choudhary,Updated: 22 Sep, 2026 02:42 PM

देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में अहम अपडेट सामने आया है। बैंक यूनियनों ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशभर में हड़ताल करने का ऐलान किया है। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में होने वाले नियमित कामकाज
नई दिल्लीः देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में अहम अपडेट सामने आया है। बैंक यूनियनों ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशभर में हड़ताल करने का ऐलान किया है। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में होने वाले नियमित कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है। इस बीच पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को सलाह दी है कि जिन कामों के लिए शाखा जाना जरूरी है, उन्हें समय रहते निपटा लें। बैंक ने ग्राहकों से ऐसे जरूरी काम 25 सितंबर तक निपटाने को कहा है, ताकि हड़ताल के दौरान परेशानी से बचा जा सके।
28 से 30 सितंबर तक प्रभावित हो सकता है कामकाज
बैंक यूनियनों के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को देशभर में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रह सकते हैं। इस दौरान शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में अगर किसी ग्राहक को चेक, दस्तावेज जमा करने, कैश से जुड़े काम या किसी अन्य शाखा-आधारित सेवा की जरूरत है, तो उसे पहले पूरा करना बेहतर होगा। हालांकि, अलग-अलग बैंकों और शाखाओं पर हड़ताल का असर अलग हो सकता है।
ATM और UPI से जारी रह सकती हैं सेवाएं
PNB ने कहा है कि हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को उपलब्ध रखने का प्रयास किया जाएगा। ग्राहक ATM के जरिए जरूरी बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने, खाते की जानकारी देखने और अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है।
UPI के जरिए डिजिटल भुगतान भी सामान्य रूप से जारी रखने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, इन सेवाओं की उपलब्धता तकनीकी दिक्कतों या अन्य परिस्थितियों पर निर्भर कर सकती है।
बैंकिंग प्रतिनिधियों से भी मिल सकती है सुविधा
PNB के अनुसार, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट यानी बैंक की ओर से अधिकृत बैंकिंग प्रतिनिधियों के जरिए उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं को भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। इससे कुछ ग्राहकों को शाखा बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक माध्यम मिल सकता है।