World’s Richest People: एलन मस्क का दबदबा कायम, टॉप-10 में बड़ा उलटफेर, ये नए नाम हुए शामिल

Edited By Updated: 09 Sep, 2026 02:56 PM

elon musk retains dominance major shake up in the top 10

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों की संपत्ति में शेयर बाजार और कंपनियों के प्रदर्शन में लगातार बदलाव होता रहता है। फोर्ब्स ने 1 सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई लिस्ट में एक बार फिर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपना...

नई दिल्लीः दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों की संपत्ति में शेयर बाजार और कंपनियों के प्रदर्शन में लगातार बदलाव होता रहता है। फोर्ब्स ने 1 सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई लिस्ट में एक बार फिर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपना दबदबा कायम किया है। 

मस्क की नेटवर्थ में अगस्त के दौरान जबरदस्त बढ़ोतरी हुई, जबकि गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज समेत कुछ दिग्गज अरबपतियों की संपत्ति में गिरावट दर्ज की गई। इस बार टॉप-10 में स्टीव बाल्मर और अमानसियो ओर्टेगा की रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

$892 अरब की संपत्ति के साथ नंबर-1 पर एलन मस्क

एलन मस्क $892 अरब की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। अगस्त उनके लिए बेहद शानदार रहा। इस दौरान स्पेसएक्स के शेयरों में करीब 33% और टेस्ला के शेयरों में 18% की तेजी आई। इस तेजी का सीधा असर मस्क की संपत्ति पर पड़ा और अगस्त में उनकी नेटवर्थ करीब $202 अरब बढ़ गई। इस साल जून में भी मस्क कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की स्थिति तक पहुंच चुके थे।

लैरी पेज दूसरे नंबर पर लेकिन संपत्ति में बड़ी गिरावट

गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज $277 अरब की नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, अगस्त उनके लिए अच्छा नहीं रहा। उनकी संपत्ति में करीब $15 अरब की कमी आई। अगस्त में सबसे ज्यादा संपत्ति गंवाने वाले अरबपतियों में पेज सबसे ऊपर रहे। उन्होंने 1998 में सर्गेई ब्रिन के साथ मिलकर गूगल की शुरुआत की थी। सर्गेई ब्रिन भी इस दौरान करीब $13 अरब गंवा चुके हैं। उनकी नेटवर्थ घटकर $256 अरब रह गई है और वह अब दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।

जेफ बेजोस तीसरे नंबर पर

अमेजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस $268 अरब की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। जुलाई में उन्होंने सर्गेई ब्रिन को पीछे छोड़कर तीसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि, अगस्त में बेजोस की संपत्ति में भी करीब $10 अरब की कमी आई। वहीं डेल टेक्नोलॉजीज के सीईओ माइकल डेल $241 अरब की नेटवर्थ के साथ पांचवें नंबर पर हैं। अगस्त में उनकी संपत्ति में करीब $12 अरब का इजाफा हुआ।

जुकरबर्ग और एलिसन की रैंकिंग में बदलाव

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग $197 अरब की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 2004 में हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान फेसबुक की शुरुआत की थी, जो आगे चलकर मेटा में बदल गया। ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन की संपत्ति में करीब $25 अरब की बढ़ोतरी हुई। उनकी कुल नेटवर्थ $193 अरब पहुंच गई और वह आठवें स्थान से छलांग लगाकर सातवें पायदान पर आ गए। 

दूसरी तरफ एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग $191 अरब की संपत्ति के साथ आठवें स्थान पर हैं। अगस्त में उनकी संपत्ति में करीब $17 अरब का इजाफा हुआ, लेकिन एलिसन की तेज बढ़त के कारण हुआंग एक पायदान नीचे खिसक गए।

स्टीव बाल्मर की टॉप-10 में वापसी

टॉप-10 में इस बार सबसे बड़ा बदलाव स्टीव बाल्मर की रैंकिंग में देखने को मिला। माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ बाल्मर 11वें स्थान से सीधे नौवें पायदान पर पहुंच गए हैं। अगस्त में उनकी संपत्ति करीब $10 अरब बढ़ी और उनकी कुल नेटवर्थ $155 अरब हो गई। बाल्मर एनबीए टीम लॉस एंजिल्स क्लिपर्स के मालिक भी हैं।

अमानसियो ओर्टेगा ने बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ा

स्पेन के कारोबारी और इंडीटेक्स के को-फाउंडर अमानसियो ओर्टेगा ने भी टॉप-10 में जगह बना ली है। अगस्त में उनकी संपत्ति करीब $5 अरब बढ़ी। $148 अरब की नेटवर्थ के साथ ओर्टेगा अब दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनकी एंट्री के साथ फ्रांस के दिग्गज कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट टॉप-10 से बाहर हो गए हैं।
 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!