गोदरेज प्रॉपर्टीज का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत घटकर 349 करोड़ रुपए

Edited By Updated: 04 Aug, 2026 12:51 PM

godrej properties  q1 net profit falls 42 to rs 349 crore

रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत घटकर 349.38 करोड़ रुपए रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 598.40 करोड़ रुपए था।

नई दिल्लीः रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत घटकर 349.38 करोड़ रुपए रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 598.40 करोड़ रुपए था। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय भी घटकर 1,345.04 करोड़ रुपए रह गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,620.34 करोड़ रुपए थी। 

परिचालन मोर्चे पर गोदरेज प्रॉपर्टीज की चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में बिक्री बुकिंग 22 प्रतिशत बढ़कर 8,651 करोड़ रुपए रही। कंपनी ने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 62 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली 3,738 इकाइयों की बिक्री की। यह लगातार छठी तिमाही है जिसमें बिक्री बुकिंग का मूल्य 7,000 करोड़ रुपए से अधिक रहा है। गोदरेज प्रॉपर्टीज के कार्यकारी चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि कंपनी ने बुकिंग, संग्रह, कारोबार विस्तार और आय के मोर्चे पर एक और मजबूत तिमाही दर्ज की है। 

उन्होंने कहा, ''हमें उम्मीद है कि प्रमुख बाजारों में अंतिम उपयोगकर्ताओं की मजबूत मांग के दम पर शेष वर्ष के दौरान भी बिक्री की रफ्तार बनी रहेगी।'' पिरोजशा ने भरोसा जताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में 39,000 करोड़ रुपए से अधिक की बिक्री बुकिंग और 24,000 करोड़ रुपए के संग्रह का लक्ष्य हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि इससे कंपनी करीब 9,000 करोड़ रुपए का परिचालन नकदी प्रवाह सृजित कर सकेगी, जिससे सतत वृद्धि में उसके निवेश को बढ़ावा मिलेगा। गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!