Edited By jyoti choudhary,Updated: 15 Jul, 2026 06:11 PM

पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच देश की तीन प्रमुख सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अपने रिटेल आउटलेट्स पर गुणवत्ता जांच अभियान तेज कर दिया है। कंपनियों का कहना है कि...
बिजनेस डेस्कः पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच देश की तीन प्रमुख सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अपने रिटेल आउटलेट्स पर गुणवत्ता जांच अभियान तेज कर दिया है। कंपनियों का कहना है कि ग्राहकों तक मानकों के अनुरूप ईंधन पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
8,500 फ्यूल क्वालिटी टेस्ट हुए
इंडियन ऑयल ने बताया कि पिछले सप्ताह देशभर में उसके पेट्रोल पंपों पर करीब 10,000 औचक निरीक्षण (Surprise inspection) किए गए। इस दौरान 8,500 से अधिक फ्यूल क्वालिटी टेस्ट (Fuel Quality Test) किए गए। कंपनी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की मिलावट या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भारत पेट्रोलियम ने भी 3 से 13 जुलाई के बीच अपने रिटेल आउटलेट्स पर 932 गुणवत्ता परीक्षण किए। इसके अलावा कंपनी के क्वालिटी कंट्रोल सेल और मोबाइल लैब टीम ने अतिरिक्त सैंपलों की जांच कर ईंधन की गुणवत्ता का सत्यापन किया।
HPCL ने की एथनॉल ब्लेंडिंग से जुड़ी जांचें
वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने इसी अवधि में 1,385 नियमित निरीक्षण और एथनॉल ब्लेंडिंग मानकों की जांच के लिए 2,173 औचक निरीक्षण किए। कंपनी ने मोबाइल लैब के जरिए कई ईंधन नमूनों की जांच भी कराई। एचपीसीएल के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान मिलावट, गंभीर अनियमितता या गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।
मिलावटी तेल मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
तीनों कंपनियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई डीलर पेट्रोल या डीजल में मिलावट करता हुआ या निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उन्हें ईंधन की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत हो तो वे सीधे संबंधित पेट्रोल पंप या कंपनी के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें। साथ ही, सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट दावों पर भरोसा करने से बचने की भी सलाह दी गई है।