Edited By jyoti choudhary,Updated: 26 Oct, 2026 12:32 PM

एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज ने भारत में इंजीनियरिंग तथा अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) गतिविधियों में सहयोग के लिए नोकिया के साथ पांच साल का अनुबंध करने की सोमवार को घोषणा की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अनुबंध के तहत एलएंडटी टेक्नोलॉजी
नई दिल्लीः एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज ने भारत में इंजीनियरिंग तथा अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) गतिविधियों में सहयोग के लिए नोकिया के साथ पांच साल का अनुबंध करने की सोमवार को घोषणा की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अनुबंध के तहत एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज (एलटीटीएस) की इंजीनियरिंग क्षमताओं और नोकिया के दूरसंचार प्रौद्योगिकी संबंधी कार्यों को एक साथ लाया जाएगा। विज्ञप्ति में अनुबंध के आकार या वित्तीय विवरणों का खुलासा नहीं किया गया।
समझौते के तहत, एलटीटीएस उत्पाद इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर विकास, सिस्टम इंटीग्रेशन तथा उत्पाद सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रों में नोकिया के अनुसंधान एवं विकास कार्यक्रमों में सहयोग करेगी। एलटीटीएस नोकिया की इंजीनियरिंग और अनुसंधान एवं विकास पहलों में सहयोग के लिए भारत में एक समर्पित ऑफशोर डेवलपमेंट सेंटर (ओडीसी) स्थापित करेगी। इस सहयोग में अनुसंधान एवं विकास, उत्पाद इंजीनियरिंग, नए उत्पादों का विकास, एम्बेडेड सिस्टम, सॉफ्टवेयर विकास, सिस्टम इंटीग्रेशन और निरंतर सहायता शामिल होगी।
नोकिया में इंजीनियरिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक जायसवाल ने कहा, ''भारत नोकिया के लिए नवाचार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और एलटीटीएस एक अहम साझेदार है। वह इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और ऐसी कार्यप्रणालियां उपलब्ध कराएगी, जो इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र में हमारी अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों का विस्तार करने और नवाचार को गति देने में मदद करेंगी।''
एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज में रणनीतिक पहल एवं वृद्धि बाजारों के कार्यकारी निदेशक और अध्यक्ष अलिंद सक्सेना ने कहा कि यह रणनीतिक सहयोग एलटीटीएस एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।