टॉप 9 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2.93 लाख करोड़ रुपए बढ़ा, रिलायंस को हुआ सबसे अधिक फायदा

Edited By Updated: 05 Sep, 2021 12:24 PM

market capitalization of top 9 companies increased by rs 2 93 lakh crore

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 2,93,804.34 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान शेयर बाजारों ने नया रिकॉर्ड बनाया। समीक्षाधीन सप्ताह में सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही।

बिजनेस डेस्कः सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 2,93,804.34 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान शेयर बाजारों ने नया रिकॉर्ड बनाया। समीक्षाधीन सप्ताह में सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। वहीं शीर्ष 10 में इन्फोसिस एकमात्र कंपनी रही जिसके बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई। सप्ताह के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,005.23 अंक या 3.57 प्रतिशत चढ़ गया। शुक्रवार को सेंसेक्स पहली बार 58,000 अंक के स्तर के पार बंद हुआ। सिर्फ तीन कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 57,000 से 58,000 अंक पर पहुंचा है। एक माह में सेंसेक्स नौ प्रतिशत चढ़ा है। 

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 1,02,382 करोड़ रुपए बढ़कर 15,14,017.50 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन रिकॉर्ड 15 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े पर पहुंचा। रिलायंस यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली घरेलू कंपनी बन गई है। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 44,832.5 करोड़ रुपए के उछाल से 14,20,935.10 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। 

भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 35,342.16 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी के साथ 3,61,540.16 करोड़ रुपए पर और बजाज फाइनेंस की 33,906.91 करोड़ रुपए की वृद्धि के साथ 4,54,207.76 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में 20,712.29 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई और यह 6,49,943.93 करोड़ रुपए रहा। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 17,373.55 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी के साथ 5,02,232.46 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। 

सप्ताह के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत 17,001.38 करोड़ रुपए बढ़कर 3,85,007.74 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 14,954.74 करोड़ रुपए के उछाल के साथ 8,72,362.42 करोड़ रुपए पर और एचडीएफसी का 7,298.81 करोड़ रुपए की बढ़त के साथ 4,98,290.05 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इस रुख के उलट इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 3,457.12 करोड़ रुपए घटकर 7,21,244.78 करोड़ रुपए पर आ गया। 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और भारती एयरटेल का स्थान रहा।  
 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!