रुपया सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा, 49 पैसे चढ़कर 96.37 प्रति डॉलर पर

Edited By Updated: 21 May, 2026 05:27 PM

rupee recovers from all time low rises 49 paise to 96 37 against the dollar

भू-राजनीतिक तनाव में कमी के संकेतों और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपया बृहस्पतिवार को सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा और अंत में 49 पैसे मजबूत होकर 96.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालिया भू-राजनीतिक...

मुंबईः भू-राजनीतिक तनाव में कमी के संकेतों और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपया बृहस्पतिवार को सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा और अंत में 49 पैसे मजबूत होकर 96.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालिया भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद रुपए में मजबूती आई है। हालांकि, निवेशक अब भी भू-राजनीतिक जोखिम और तेल की कीमतों को लेकर सतर्क हैं। उन्होंने बताया कि एक साल के 'फॉरवर्ड' बाजार में रुपए की दर बुधवार को महत्वपूर्ण 100 प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गई थी। यह संकेत देता है कि बाजार पहले से ही अगले 12 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर रहने का अनुमान जता रहा है। 

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले 96.25 पर खुला। इसके बाद कारोबार के दौरान 96.05 के उच्च और 96.60 के निचले स्तर तक गया। अंत में यह 96.37 प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 49 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निचले स्तर 96.86 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान एक समय यह 96.95 प्रति डॉलर तक भी टूट गया था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, '' भू-राजनीतिक तनाव में कमी के शुरुआती संकेतों और केंद्रीय बैंक के सक्रिय हस्तक्षेप से रुपया संभला है। भविष्य में निवेशकों का ध्यान भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और केंद्रीय बैंक की आगामी मौद्रिक नीति समीक्षा पर रहेगा।'' परमार ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपए का हाजिर भाव 95.74 से 96.50 के बीच रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.30 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 135.03 अंक टूटकर 75,183.36 अंक पर रहा। वहीं निफ्टी 23,654.70 अंक पर लगभग स्थिर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.23 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,597.35 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।  

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!