रुपया 10 पैसे कमजोर होकर 94.95 प्रति डॉलर पर

Edited By Updated: 01 Jun, 2026 05:37 PM

rupee weakens by 10 paise to 94 95 per dollar

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच सोमवार को रुपया 10 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.95 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में डॉलर की मजबूती और इजराइल-लेबनान के बीच जारी...

मुंबईः अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच सोमवार को रुपया 10 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.95 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में डॉलर की मजबूती और इजराइल-लेबनान के बीच जारी तनाव से निवेशकों की जोखिम लेने की धारणा प्रभावित हुई, जिसका असर भी रुपए पर पड़ा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.93 के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान यह 94.73 के ऊपरी एवं 95.03 के निचले स्तर तक गया। कारोबार के अंत में यह 94.95 प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की गिरावट है।

शुक्रवार को रुपया भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के संभावित हस्तक्षेप के बीच 73 पैसे मजबूत होकर 94.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, "वैश्विक तनाव एक बार फिर बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण रुपए में कमजोरी का रुख रह सकता है।'' उन्होंने कहा कि अगर शांति वार्ता आगे बढ़ती रहती है तो रुपए में बड़ी गिरावट की आशंका कम हो सकती है। उनके अनुसार, निकट भविष्य में डॉलर-रुपए की विनिमय दर 94.60 से 95.30 के दायरे में रह सकती है।

कारोबारियों के अनुसार, अब बाजार की नजर तीन से पांच जून के बीच होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक पर है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय समिति पांच जून को अपने निर्णयों की घोषणा करेगी। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 99.04 पर रहा। 

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.47 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 94.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 508.40 अंक टूटकर 74,267.34 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 165.15 अंक की गिरावट के साथ 23,382.60 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 21,105.86 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। 

आरबीआई द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 22 मई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 7.51 अरब डॉलर घटकर 681.38 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले सप्ताह यह 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर पर आ गया था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) का सकल संग्रह मई में 3.2 प्रतिशत बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया।  

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!