Edited By jyoti choudhary,Updated: 12 Feb, 2026 12:09 PM

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बाजार में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश की चौथी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी का स्थान हासिल कर लिया है। हालिया तेजी के दम पर SBI ने आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को पीछे छोड़
बिजनेस डेस्कः देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बाजार में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश की चौथी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी का स्थान हासिल कर लिया है। हालिया तेजी के दम पर SBI ने आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को पीछे छोड़ दिया है। सरकारी बैंकों को लेकर निवेशकों का बढ़ता भरोसा और मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयरों में आई तेजी ने SBI को यह मुकाम दिलाया है।
बुधवार को बाजार बंद होने तक SBI का मार्केट कैप करीब ₹10.92 लाख करोड़ पहुंच गया, जबकि TCS का मार्केट कैप ₹10.52 लाख करोड़ रहा। देश की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज ₹19.87 लाख करोड़ के साथ पहले स्थान पर है, जबकि HDFC बैंक ₹14.16 लाख करोड़ के साथ दूसरे और भारती एयरटेल ₹11.47 लाख करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
SBI की रैंकिंग में यह उछाल उसके मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयरों में आई तेजी से संभव हुआ है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में बैंक के शेयर करीब 11% चढ़े हैं। दूसरी ओर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंताओं के चलते आईटी सेक्टर में दबाव बना हुआ है, जिससे TCS के शेयरों में पिछले पांच दिनों में करीब 4% की गिरावट आई और रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला।
तिमाही नतीजों की बात करें तो SBI ने तीसरी तिमाही में ₹21,030 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो बाजार के अनुमानों से करीब 18% अधिक रहा। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम सालाना आधार पर 9% बढ़कर ₹45,190 करोड़ हो गई। मार्जिन 2.99% पर स्थिर रहे, जबकि घरेलू मार्जिन बढ़कर 3.12% पर पहुंच गया। प्रबंधन ने वित्त वर्ष 2026 और आगे भी मार्जिन 3% से ऊपर बनाए रखने का भरोसा जताया है।
साथ ही बैंक के लोन पोर्टफोलियो में साल-दर-साल 15.6% की वृद्धि दर्ज हुई, जबकि जमा (डिपॉजिट) में 9% की बढ़ोतरी रही। एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला है और क्रेडिट कॉस्ट 29 बेसिस पॉइंट (0.29%) पर नियंत्रित रही, जो बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।