Bangladesh election Live Update: ऐतिहासिक चुनाव में तारीक़ और यूनुस ने डाला वोट, हसीना के गढ़ मतदान केंद्र पर बम विस्फोट

Edited By Updated: 12 Feb, 2026 11:54 AM

bangladesh election 2026 live updates tarique rahman casts vote

बांग्लादेश में अहम संसदीय चुनाव के तहत गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया। शेख हसीना के पद छोड़ने के बाद यह पहला आम चुनाव है। 299 सीटों पर वोटिंग हो रही है, भारी सुरक्षा तैनाती की गई है और अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक भी चुनाव पर नजर रखे हुए हैं।

International Desk: बांग्लादेश में 13वें आम संसदीय चुनाव के तहत गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया। यह चुनाव अगस्त 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले जनआंदोलन के बाद अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी अवामी लीग के सत्ता से हटने के बाद हो रहा है। देशभर में 300 में से 299 संसदीय सीटों पर सुबह 7:30 बजे (स्थानीय समय) से मतदान जारी है, जो शाम 4:30 बजे तक चलेगा। एक निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार की मौत के कारण मतदान रद्द कर दिया गया है।इस चुनाव में शेख हसीना की अवामी लीग हिस्सा नहीं ले रही है। अंतरिम सरकार ने पार्टी को भंग कर चुनाव लड़ने से रोक दिया है। मुख्य मुकाबला BNP और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। जमात ने इस बार इतिहास में पहली बार एक हिंदू उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। पढ़ें चुनाव से जुड़ी हर अपडेट

 

LIVE UPDATES:-

तारीक़ रहमान और यूनुस ने किया मतदान
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष और चुनाव में सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे तारीक़ रहमान ने ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल एंड कॉलेज केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अगर BNP सत्ता में आई तो कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार और नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. मोहम्मद यूनुस ने भी ढाका में मतदान किया और इस दिन को “नए बांग्लादेश का जन्मदिन” करार दिया।

 

हसीना के गढ़ में कम मतदान
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके पिता शेख मुजीबुर रहमान के जन्मस्थान गोपालगंज में मतदान की रफ्तार बेहद धीमी देखी गई। शुरुआती घंटों में कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या काफी कम रही। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि स्थानीय अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है।

 

ढाका में शुरुआती घंटों में 3% से 13% मतदान
चुनाव आयोग और स्थानीय मीडिया के अनुसार ढाका के कई निर्वाचन क्षेत्रों में शुरुआती दो घंटों में मतदान प्रतिशत 3 से 13 फीसदी के बीच दर्ज किया गया। ढाका-9 के एक मतदान केंद्र पर सुबह 9:30 बजे तक सबसे अधिक 13 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

गोपालगंज मतदान केंद्र पर बम विस्फोट व  मीरपुर में समर्थकों के बीच झड़प 
चुनाव के दौरान गोपालगंज के एक मतदान केंद्र पर कच्चे बम विस्फोट की घटना सामने आई, जिसमें एक किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार सभी को मामूली चोटें आईं और मतदान प्रक्रिया बिना बाधा के जारी रही।ढाका की मीरपुर-10 निर्वाचन सीट में जमात-ए-इस्लामी और बीएनपी समर्थकों के बीच झड़प की खबर आई है. इस सीट से जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं।

 

मतगणना और नतीजे
मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होने की संभावना है। हालांकि चुनाव आयोग ने संकेत दिए हैं कि इस बार संसदीय मतपत्रों के साथ-साथ सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के कारण नतीजों में समय लग सकता है।

 

मुख्य मुकाबला और राजनीतिक समीकरण
चुनाव में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच माना जा रहा है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पिछले वर्ष अवामी लीग को भंग कर दिया था, जिसके चलते पार्टी इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले पा रही है।

उम्मीदवार और दल

  • निर्वाचन आयोग के अनुसार, 50 राजनीतिक दलों के 1,755 उम्मीदवार मैदान में हैं
  • 273 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं
  • बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं
  • चुनाव में कुल 83 महिला उम्मीदवार शामिल हैं

 

भारी सुरक्षा व्यवस्था

  • चुनाव के मद्देनज़र सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
  • करीब 9 से 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
  • राजधानी ढाका के संवेदनशील इलाकों में बख्तरबंद वाहन (APC) और त्वरित कार्यबल (RAT) तैनात
  • ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील घोषित किया गया
  • सेना ने दो मतदान केंद्रों को ‘जोखिमपूर्ण’ बताया है
  • पहली बार चुनावी सुरक्षा में ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

 

मतदाता और प्रवासी वोटिंग
निर्वाचन आयोग के अनुसार देश में कुल 12.7 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 3.58 प्रतिशत पहली बार वोट डाल रहे हैं। इसके अलावा, करीब 8 लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी पहली बार आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के जरिए मतदान कर सकेंगे।मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि चुनाव के बाद जल्द ही सत्ता निर्वाचित सरकार को सौंप दी जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से संयम, सहिष्णुता और लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।मुख्य चुनाव आयुक्त ए.एम.एम. नासिरुद्दीन ने भी मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया है।
चुनाव पर 45 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के पर्यवेक्षक नजर बनाए हुए हैं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!