शेयर बाजारों को अपने शेयर में खुद कारोबार की अनुमति देने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं: सेबी

Edited By Updated: 30 Sep, 2026 05:32 PM

no proposal currently to allow stock exchanges to trade in their own shares seb

बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) शेयर बाजारों को अपने शेयरों में खुद कारोबार करने की अनुमति देने के किसी प्रस्ताव पर फिलहाल विचार नहीं कर रहा है।

मुंबईः बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) शेयर बाजारों को अपने शेयरों में खुद कारोबार करने की अनुमति देने के किसी प्रस्ताव पर फिलहाल विचार नहीं कर रहा है। 

सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने 'एसोसिएशन ऑफ पोर्टफोलियो मैनेजर्स इन इंडिया' के वार्षिक सम्मेलन-2026 से इतर बुधवार को कहा, ''ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। अगर ऐसा होता है या जब भी होगा, आपको इसकी जानकारी मिल जाएगी। इसलिए फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं है।'' 

सेबी चेयरमैन से इस संबंध में एक सवाल पूछा गया था। कुछ खबरों में दावा किया गया था कि बाजार नियामक यह जांचने के लिए एक समिति गठित करने पर विचार कर रहा है कि क्या बी.एस.ई. और एन.एस.ई. जैसे शेयर बाजारों को भविष्य में अपने ही शेयरों में कारोबार करने की अनुमति दी जा सकती है। 

बॉण्ड सूचकांक और वायदा-विकल्प के बारे में पांडेय ने कहा कि सेबी और भारतीय रिजर्व बैंक (आर.बी.आई.) दिशानिर्देशों के मसौदे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा, ''हां, मेरा मानना है कि उन्होंने कुछ मसौदा दिशानिर्देश तैयार किए हैं और टिप्पणियां मांगी हैं। हम आर.बी.आई. के साथ इन्हें अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं।'' 

पांडेय ने हालांकि, दिशानिर्देशों को अंतिम रूप देने की कोई समयसीमा बताने से इनकार करते हुए कहा कि इसके लिए आर.बी.आई. से जानकारी लेनी होगी। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफ.पी.आई.) को आकर्षित करने के बारे में पांडेय ने कहा कि सेबी और आर.बी.आई. पंजीकरण तथा नए निवेशकों को जोड़ने की प्रक्रिया को तेज, सुगम एवं डिजिटल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि सेबी ने एन.एस.डी.एल. मंच में बदलाव किया है और एफ.पी.आई. के लिए 'इंडिया मार्केट एक्सेस' मंच शुरू किया है। इसके अलावा एक साझा आवेदन मंच भी शुरू किया गया है, जिसके जरिये आवेदक अपने आवेदनों की स्थिति देख सकते हैं। 

पांडेय ने कहा कि सेबी डिजिटल हस्ताक्षर समेत डिजिटल तरीके से निवेशकों को जोड़ने को भी प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा, ''अपने ग्राहक को जानिये यानी केवाईसी प्रक्रिया को भी अधिक सुगम बनाया जा रहा है।'' 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!