वाहनों की खुदरा बिक्री अगस्त में 17.51 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर

Edited By Updated: 07 Sep, 2026 11:36 AM

vehicle retail sales rose 17 51 in august to a record high

देश में वाहन खुदरा बिक्री अगस्त में 17.51 प्रतिशत बढ़कर 24,23,201 इकाई के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने सोमवार को कहा कि यह वृद्धि मानसून की वजह से आई मौसमी सुस्ती और त्योहारों के

नई दिल्लीः देश में वाहन खुदरा बिक्री अगस्त में 17.51 प्रतिशत बढ़कर 24,23,201 इकाई के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने सोमवार को कहा कि यह वृद्धि मानसून की वजह से आई मौसमी सुस्ती और त्योहारों के देर से शुरू होने के बावजूद जीएसटी 2.0 से बनी तेजी के कारण हुई। उद्योग निकाय फाडा ने बयान में कहा कि पिछले साल अगस्त में भारत में कुल वाहन खुदरा बिक्री 20,62,038 इकाई रही थी। 

भारत में पहली बार यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री में वैकल्पिक ईंधन (सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक) की हिस्सेदारी 41.95 प्रतिशत हो गई, जो पेट्रोल की 40.85 प्रतिशत हिस्सेदारी से अधिक है। फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा, ''अगस्त 2026 भारतीय वाहन खुदरा बाजार में अब तक की सबसे अधिक बिक्री वाला अगस्त रहा। उद्योग ने 24,23,201 इकाइयों की बिक्री दर्ज की, जो सालाना आधार पर 17.51 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, मानसून की सुस्ती और जुलाई में गणेश चतुर्थी और ओणम से जुड़ी खरीदारी का कुछ हिस्सा सितंबर में चले जाने से जुलाई के रिकॉर्ड स्तर की तुलना में खुदरा बिक्री 6.48 प्रतिशत कम रही।'' 

उन्होंने कहा कि हालांकि, महीने का सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम संरचनात्मक बदलाव से जुड़ा रहा। भारत में पहली बार यात्री वाहन बाजार में सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक समेत वैकल्पिक ईंधन की हिस्सेदारी 41.95 प्रतिशत रही, जो पेट्रोल की 40.85 प्रतिशत हिस्सेदारी से अधिक है। एक साल से कुछ अधिक समय पहले तक पेट्रोल की हिस्सेदारी बाकियों की तुलना में करीब 11 प्रतिशत की अधिक थी लेकिन अब यह बढ़त खत्म हो गई है। फाडा अध्यक्ष ने कहा, ''सालाना आधार पर वृद्धि का बड़ा हिस्सा अगस्त 2025 के कमजोर आधार के कारण है। उस समय खरीदार जीएसटी 2.0 के तहत दर में कटौती का इंतजार करते हुए खरीदारी टाल रहे थे। डीलरों का कहना है कि त्योहारों से जुड़ी शुरुआती खरीदारी उनकी अपनी उम्मीदों से कम रही। '' 

सितंबर 2025 में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती के बाद से वाहन उद्योग में लगातार मजबूत वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस बीच, पिछले महीने यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 4,02,398 इकाई रही जबकि अगस्त 2025 में यह 3,46,468 इकाई थी। इस तरह इसमें 16.14 प्रतिशत की वृद्धि हुई। फाडा के अनुसार, अगस्त में दोपहिया वाहनों की बिक्री 19.69 प्रतिशत बढ़कर 17,14,610 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 14,32,537 इकाई थी। पिछले महीने तिपहिया वाहनों की बिक्री 1,22,281 इकाई रही जबकि अगस्त 2025 में यह 1,12,553 इकाई थी। इसमें 8.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उद्योग निकाय के अनुसार, वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री भी 14.45 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 90,769 इकाई हो गई, जबकि 2025 में यह 79,306 इकाई थी। 

ग्रामीण यात्री वाहनों की बिक्री 24.99 प्रतिशत बढ़ी, जबकि शहरी क्षेत्र में यह वृद्धि 10.93 प्रतिशत रही। ग्रामीण वाणिज्यिक वाहन बिक्री 16.33 प्रतिशत और ग्रामीण तिपहिया वाहन बिक्री 23.95 प्रतिशत बढ़ी जबकि शहरी तिपहिया वाहनों की बिक्री में गिरावट आई। फाडा के अनुसार, सितंबर 2026 के लिए डीलरों का रुख सकारात्मक बना हुआ है, हालांकि जुलाई के उच्च स्तर से इसमें कुछ नरमी आई है। 67.09 प्रतिशत डीलरों को बिक्री में वृद्धि की उम्मीद है, जबकि 27.35 प्रतिशत को बाजार के स्थिर रहने और 5.56 प्रतिशत को बिक्री घटने की आशंका है। 

फाडा ने कहा कि सितंबर-अक्टूबर-नवंबर 2026 की अवधि के लिए 81.62 प्रतिशत डीलरों को वृद्धि की उम्मीद है, 17.09 प्रतिशत को बाजार के स्थिर रहने और केवल 1.28 प्रतिशत को गिरावट की आशंका है। यह एक मजबूत धारणा है, हालांकि एक महीने पहले दर्ज 87.85 प्रतिशत के मुकाबले इसमें कमी आई है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!