Basant Panchami: आया ऋतु राज बसंत आया, संग साथ ढेरों खुशियाां लाया

Edited By Niyati Bhandari,Updated: 14 Feb, 2024 07:53 AM

basant panchami

हमारे देश में ऋतुओं को छह भागों में बांटा गया है और उनमें बसंत का सर्वाधिक महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण गीता में कहते हैं कि ‘ऋतुनां कुसुमाकर:’, अर्थात ऋतुओं में बसंत मैं हूं। बसंत को ऋतुराज भी कहा जाता है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Basant Panchami 2024: हमारे देश में ऋतुओं को छह भागों में बांटा गया है और उनमें बसंत का सर्वाधिक महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण गीता में कहते हैं कि ‘ऋतुनां कुसुमाकर:’, अर्थात ऋतुओं में बसंत मैं हूं। बसंत को ऋतुराज भी कहा जाता है। बसंत के आने से प्रकृति हमारे मन एवं शरीर को शीतलता और आनंद प्रदान करती है, शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है, शीत ऋतु की जकड़न से मुक्त हुए शरीर को एक नई अनुभूति होती है।

PunjabKesari Basant Panchami
बसंत आते ही प्रकृति का कण-कण खिल उठता है और उसके इस स्वरूप को देख कर सारे जीव उल्लास से भर जाते हैं। सुहाने समय में चारों ओर सुंदर दृश्य, सुगंधित पुष्प, मंद-मंद बहने वाली पवन, फलों के वृक्षों पर सुगंध, जल से भरे सरोवर, आम के वृक्षों पर कोयल की कूक, ये सब हमारे जीवन में उत्साह भर देते हैं।

वैसे तो माघ मास का पूरा महीना ही उत्साह का संचार करने वाला है लेकिन फिर भी माघ शुक्ल की पंचमी यानी बसंत पंचमी विशेष महत्व रखती है। माघ मास को यज्ञ, दान तथा तप आदि की दृष्टि से बड़ा ही पुण्य फलदायी माना जाता है। बसंत पंचमी संदेश भी देती है कि दुख के बाद सुख का आगमन भी होता है। बसंत के आगमन पर सूर्य से लेकर प्रकृति तक हमें पुराने विचार और पूर्वाग्रह का परित्याग कर अपने सारे क्रियाकलापों में नवीनता समाहित करने की प्रेरणा देती है।

जीवन में किसी भी प्रकार की नई शुरुआत के लिए बसंत पंचमी श्रेष्ठ मुहूर्त है। यह ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती का महोत्सव है, जो यह संदेश देती है कि हमें अपने परिवेश को हर दिन नए दृष्टिकोण, नए प्रयोग और काव्यात्मक अभिव्यक्ति से रुचिपूर्ण बनाना चाहिए।  हमारे पास व्यक्ति की अच्छाई को पहचानने की समझ, उसकी कुशलताओं को समझने का विवेक होना चाहिए।

असल में प्रकृति का प्रत्येक आयाम तमाम विरोधाभासों में हमें सकारात्मक जीवन जीने का बेजोड़ तरीका सिखाता है। उदाहरण के तौर पर जिस तरह गुलाब का फूल कांटों से घिरा होने के बावजूद मुस्कराता हुआ अपने पर्यावरण को आकर्षक व खुशबूदार बनाए रखता है, ठीक इसी प्रकार हमें भी प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी विनम्रता, करुणा और सहनशीलता बरकरार रखते हुए अपने परिवेश में शांति, सौहार्द और सहिष्णुता की सुगंध फैलाने का भरपूर प्रयास करना चाहिए।

PunjabKesari Basant Panchami

जिस तरह फलदार वृक्ष पत्थर की चोट सहन करके भी हमें मीठे फल देता है, ठीक उसी तरह हमें भी धैर्य और सहनशक्ति रखते हुए अपने जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए।

मां सरस्वती का स्वरूप बहुत ही प्रेरणादायक है। मां सरस्वती को बागेश्वरी, भगवती, शारदा, वीणावादिनी और वाग्देवी सहित अनेक नामों से पूजा जाता है। संगीत की उत्पत्ति करने के कारण वह संगीत की देवी भी हैं। उन्होंने विद्या की देवी भी माना जाता है। बसंत पंचमी के दिन को इनके जन्मोत्सव के रूप में भी मनाते हैं। इस दिन सरस्वती जयंती, श्रीपंचमी आदि पर्व भी होते हैं।
देवी भागवत में उल्लेख है कि माघ शुक्ल पक्ष की पंचमी को ही संगीत, काव्य, कला, शिल्प, रस, छंद, शब्द व शक्ति की प्राप्ति जीव को हुई थी। मां सरस्वती को प्रकृति की देवी की उपाधि भी प्राप्त है।

मां सरस्वती के सफेद वस्त्रों के दो संकेत हैं, पहला यह कि हमारा ज्ञान निर्मल हो, विकृत नहीं, वह सकारात्मक हो। दूसरा, कोई दुर्गुण हमारे चरित्र में न हो। मां सरस्वती के एक हाथ में पुस्तक यह संदेश देती है कि हमारा लगाव पुस्तकों और साहित्य के प्रति होना चाहिए। एक हाथ में माला बताती है कि हमें हमेशा चिंतन में रहना चाहिए। जो ज्ञान अर्जित कर रहे हैं, उसका लगातार मनन करते रहें, इससे हमारी सदबुद्धि बनी रहेगी।

मां सरस्वती के दो हाथों से वीणा का वादन, यह संकेत करता है कि विद्यार्थी जीवन में ही संगीत जैसी ललित कलाओं के प्रति भी हमारी रुचि होनी चाहिए। मां के चित्र में देवी सरस्वती नदी किनारे एकांत में बैठी हुई दिखाई देती हैं, यह बात संकेत देती है कि विद्यार्जन के लिए एकांत भी आवश्यक है।

मां सरस्वती के पीछे सूरज भी उगता दिखाई देता है, जो बताता है कि पढ़ाई के लिए सुबह का समय ही श्रेष्ठ है। मां सरस्वती के सामने दो हंस हैं, जो बुद्धि के प्रतीक हैं और संदेश देते हैं कि हमारी बुद्धि रचनात्मक और विश्लेषणात्मक दोनों होनी चाहिए। 

PunjabKesari Basant Panchami

 

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!