Edited By Manisha,Updated: 29 Oct, 2026 11:39 AM

अर्जुन तंवर की फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ में अरमान खन्ना नाम का ऐसा किरदार देखने को मिलेगा, जो खुद को स्टार समझता है। दोस्ती, रोमांटिक उलझनों और मजेदार घटनाओं से भरी यह पार्टी-कॉमेडी 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ में अर्जुन तंवर अरमान खन्ना के किरदार में नजर आएंगे, जो खुद को किसी फिल्म का सुपरस्टार समझता है। अरमान के अंदर हीरो जैसी एंट्री लेने और हर महफिल का केंद्र बनने का जबरदस्त आत्मविश्वास है। वह खुद को सेल्फ-मेड स्टार मानता है, जबकि उसकी पहचान को लेकर नेपोटिज्म की चर्चा भी होती है। ‘गरीबों के ऋतिक’ के नाम से पहचाने जाने वाला यह किरदार अपनी फिल्मी सोच और अजीब हरकतों से हर स्थिति को मजेदार बना देता है। हालांकि, जब उसकी कल्पनाएं वास्तविक जिंदगी की मुश्किलों से टकराती हैं, तो कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ आते हैं।
दोस्ती, रोमांस और अजीबोगरीब हालात का कॉम्बिनेशन
फिल्म की कहानी अरमान और उसके बचपन के दोस्त मान पटेल के दोबारा मिलने से आगे बढ़ती है। दोनों के साथ बिताई जाने वाली एक रात धीरे-धीरे रिश्तों की उलझनों, गलत फैसलों और अप्रत्याशित घटनाओं में बदल जाती है। बिना बुलाए पार्टियों में पहुंचना, रोमांटिक उलझनों में फंसना और अचानक ऐसी परिस्थितियों का सामना करना, जिनकी किसी ने कल्पना नहीं की थी, कहानी को कॉमेडी का रंग देते हैं। अरमान खुद को अपनी जिंदगी का हीरो मानता है, लेकिन उसके फैसले कई बार हालात को और बिगाड़ देते हैं।
View this post on Instagram
A post shared by Arjun Tanwar (@arjunrtanwar)
अर्जुन तंवर ने बताया कैसा रहा अरमान बनना
अरमान का किरदार निभाने वाले अर्जुन तंवर ने इसे अपने लिए बेहद मजेदार अनुभव बताया। उनके मुताबिक, अरमान ऐसा लड़का है जिसे खुद भी नहीं पता कि उसे जिंदगी से क्या चाहिए, लेकिन वह हर जगह अपनी मौजूदगी दर्ज कराना चाहता है। कभी वह स्टार की तरह व्यवहार करता है, तो कभी बिना बुलाए किसी पार्टी में पहुंच जाता है। अर्जुन ने किरदार की अजीबोगरीब हरकतों का जिक्र करते हुए बताया कि अरमान के हिस्से में ऐसे पल भी आते हैं, जब वह किसी दूसरे के पार्टनर को किस कर लेता है या पार्टी में घोड़े की सवारी करने लगता है। अभिनेता के अनुसार, अरमान की बेवकूफियां और उलझनें ही उसे दिलचस्प बनाती हैं।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ का निर्देशन रवि छाबड़िया ने किया है, जबकि इसे योडली फिल्म्स के तहत विक्रम मेहरा और सिद्धार्थ आनंद कुमार ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में विराज घेलानी मान पटेल और अर्जुन तंवर अरमान खन्ना के किरदार में नजर आएंगे। इनके साथ प्रगति नागपाल, नकियाह हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरंजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी भी कहानी का हिस्सा हैं। अली हाजी, खुश मलिक और वीर पांचाल की लेखनी से सजी यह फिल्म दोस्ती, उलझे रिश्तों और पार्टी के दौरान पैदा होने वाली मजेदार परिस्थितियों को कॉमेडी के अंदाज में दिखाएगी। फिल्म 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।