Edited By Manisha,Updated: 30 Jun, 2026 03:13 PM

राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अपनी पहली वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अपनी पहली वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। सीरीज के ट्रेलर में उनकी दमदार झलक देखने को मिली है, जहां वह अरशद वारसी के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि अरशद और वीर इससे पहले फिल्म 'मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.' में भी साथ नजर आ चुके हैं, जब वीर चाइल्ड आर्टिस्ट थे। अब वर्षों बाद दोनों का फिर साथ आना अरशद के लिए एक भावुक और खास पल बन गया है।
'वीर एक स्ट्रेस-फ्री और शानदार एक्टर है'
एक इंटरव्यू में अरशद वारसी ने वीर हिरानी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वीर न सिर्फ एक अच्छे इंसान हैं, बल्कि एक ऐसे अभिनेता भी हैं जिनके साथ काम करना बेहद आसान है। अरशद ने कहा, "वो जैसा इंसान है, उसी वजह से लोग उसे बार-बार अपनी फिल्मों में लेना चाहेंगे। वह बिना किसी नखरे के काम करने वाला स्ट्रेस-फ्री एक्टर है। जब भी उसे मेरी जरूरत होगी, मैं हमेशा उसके साथ खड़ा रहूंगा। मैं दिल से चाहता हूं कि यह प्रोजेक्ट उसके लिए बड़ी सफलता साबित हो।"
'वो मेरे बेटे जैसा है', बोले अरशद वारसी
अरशद ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने वीर को बचपन से बड़ा होते देखा है और आज उनके साथ काम करना बेहद खास एहसास है। उन्होंने कहा, "वीर मेरे लिए बेटे जैसा है। कभी वह छोटा-सा बच्चा था, जिसे मेरे साथ फोटो खिंचवाने के लिए भेजा गया था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हम दोनों साथ काम करेंगे। ऐसा लगता है जैसे मेरा अपना बेटा मेरे साथ काम कर रहा हो।" उन्होंने आगे कहा कि वीर ने अपने पहले ही प्रोजेक्ट में शानदार काम किया है और उनमें एक सफल अभिनेता बनने के लिए जरूरी सभी गुण मौजूद हैं।
3 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी सीरीज
'प्रीतम एंड पेड्रो' में अरशद वारसी, विक्रांत मैसी और वीर हिरानी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस सीरीज का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि इसे राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। यह पहली बार होगा जब राजकुमार हिरानी अपनी खास कहानी कहने की शैली के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के बीच आएंगे। यह बहुप्रतीक्षित सीरीज 3 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।