Edited By Manisha,Updated: 14 Jun, 2026 05:53 PM

मनोरंजन जगत की अग्रणी कंटेंट कंपनी बानिजय एंटरटेनमेंट ने अपने कंटेंट विंग्स बानिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के जरिए कई सफल स्क्रिप्टेड और नॉन-स्क्रिप्टेड शोज़ देने के बाद अब एक नया और अनोखा शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ लॉन्च करने की घोषणा की है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मनोरंजन जगत की अग्रणी कंटेंट कंपनी बानिजय एंटरटेनमेंट ने अपने कंटेंट विंग्स बानिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के जरिए कई सफल स्क्रिप्टेड और नॉन-स्क्रिप्टेड शोज़ देने के बाद अब एक नया और अनोखा शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ लॉन्च करने की घोषणा की है। यह शो अपनी अलग अवधारणा के साथ दर्शकों को ज्ञान और बुद्धिमत्ता की असली परीक्षा से रूबरू कराएगा।
अनिल कपूर करेंगे शो की मेजबानी
शो में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अनिल कपूर के साथ एक खास प्रोमो वीडियो जारी करते हुए शो की आधिकारिक घोषणा की। वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में कहा गया कि यह केवल किताबी ज्ञान का नहीं, बल्कि तेज सोच और बुद्धिमत्ता का भी मुकाबला होगा, जहां प्रतिभागियों की पहचान उनकी नॉलेज और इंटेलिजेंस से बनेगी।
भारत के टॉप 1% में शामिल होने का मिलेगा मौका
‘इंडिया के टॉप 1%’ एक नॉलेज-बेस्ड रियलिटी शो होगा, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी समझ, तार्किक क्षमता और सामान्य ज्ञान के दम पर खुद को साबित करना होगा। शो का उद्देश्य ऐसे लोगों को मंच देना है जो अपनी बौद्धिक क्षमता के बल पर देश के सर्वश्रेष्ठ एक प्रतिशत लोगों में जगह बनाने का सपना देखते हैं। शो जल्द ही स्टार प्लस पर प्रसारित होगा और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगा।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू, इच्छुक प्रतिभागी कर सकते हैं आवेदन
शो में भाग लेने के इच्छुक लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रतिभागी स्टार प्लस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। मेकर्स को उम्मीद है कि यह शो ज्ञान और मनोरंजन का बेहतरीन संगम साबित होगा तथा दर्शकों को एक नया अनुभव देगा।
बानिजय एंटरटेनमेंट की मजबूत कंटेंट विरासत
बानिजय एंटरटेनमेंट ने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय दर्शकों को कई लोकप्रिय और चर्चित शोज़ दिए हैं। स्क्रिप्टेड कंटेंट में 'द नाइट मैनेजर', 'द ट्रायल', 'होस्टेजेस', 'कॉल माय एजेंट: बॉलीवुड', 'उंदेखी', 'आर्या', 'बॉम्बे बेगम्स' और 'ट्रायल बाय फायर' जैसे सफल प्रोजेक्ट शामिल हैं। वहीं नॉन-स्क्रिप्टेड श्रेणी में 'बिग बॉस', 'खतरों के खिलाड़ी', 'मास्टरशेफ इंडिया', 'एमटीवी रोडीज', 'द कपिल शर्मा शो' और 'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' जैसे बड़े फ्रेंचाइज़ी शोज़ का निर्माण कर कंपनी ने मनोरंजन उद्योग में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।