प्राजक्ता माली की नई मराठी फिल्म ‘गौरी’ का ऐलान, ‘पानी’ फेम आदिनाथ कोठारे करेंगे निर्देशन

Edited By Updated: 20 Oct, 2026 02:56 PM

prajakta mali to star in marathi film gauri directed by addinath kotha

प्राजक्ता माली की नई मराठी फिल्म ‘गौरी’ का ऐलान दशहरे के मौके पर किया गया है। एनएच स्टूडियोज के बैनर तले बनने वाली इस महिला-केंद्रित फिल्म का निर्देशन आदिनाथ एम. कोठारे करेंगे। कहानी महिलाओं के संघर्ष, एक-दूसरे के समर्थन और न्याय की लड़ाई पर आधारित...

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मराठी सिनेमा की अभिनेत्री प्राजक्ता माली जल्द ही नई फिल्म ‘गौरी’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। दशहरे के खास मौके पर इस फिल्म का ऐलान किया गया है। फिल्म का निर्माण एनएच स्टूडियोज (NH Studioz) कर रहा है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी आदिनाथ एम. कोठारे संभालेंगे। आदिनाथ इससे पहले अपनी फिल्म ‘पानी’ के निर्देशन को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसने राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। ‘गौरी’ उनके निर्देशन में बनने वाली दूसरी फीचर फिल्म होगी। फिल्म के ऐलान के साथ ही इसकी कहानी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

महिलाओं के संघर्ष और न्याय की कहानी होगी ‘गौरी’
फिल्म के पोस्टर में प्राजक्ता माली गौरी के किरदार में नजर आ रही हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी केवल एक महिला और उसके परिवार तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें महिलाओं के एक-दूसरे के साथ खड़े होने और न्याय की लड़ाई में सहयोग करने की अहमियत को भी दिखाया जाएगा। फिल्म समाज में महिलाओं को होने वाले अन्याय और उन परिस्थितियों पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां एक महिला दूसरी महिला को न्याय दिलाने में मददगार बन सकती है। फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में इसकी विषयवस्तु को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।

आदिनाथ कोठारे बोले- ईमानदारी से कहानी कहना जरूरी
निर्देशक आदिनाथ एम. कोठारे ने फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि एक निर्देशक के तौर पर उनके लिए कहानियों को ईमानदारी और सच्चाई के साथ पेश करना महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, ‘गौरी’ मराठी सिनेमा में एक ऐसे विचार को सामने लाने की कोशिश करेगी, जिसे अब तक इस अंदाज में नहीं दिखाया गया है। फिल्म में एक युवा महिला के संघर्ष, उसके रिश्तों और न्याय पाने की कोशिश को एक अलग नजरिए से पेश किया जाएगा। आदिनाथ ने कहा कि उनके लिए ऐसी कहानी को निर्देशित करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।

दशहरे पर फिल्म के ऐलान को प्राजक्ता माली ने बताया खास
प्राजक्ता माली ने ‘गौरी’ की घोषणा को अपने लिए खास संयोग बताया। उन्होंने याद किया कि उनकी फिल्म ‘फुलवंती’ नवरात्रि के दौरान नवमी पर रिलीज हुई थी और अब ‘गौरी’ का ऐलान दशमी यानी दशहरे के दिन हुआ है। अभिनेत्री ने पौराणिक कथा का जिक्र करते हुए कहा कि नौ दिनों के युद्ध के बाद दशमी पर देवी ने महिषासुर का वध किया था। इसी भावना से उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज की हर महिला अपने आसपास मौजूद अन्याय और चुनौतियों का सामना करने का साहस जुटा सके। उनके मुताबिक, फिल्म दिखाएगी कि जब कोई महिला ठान लेती है, तो वह कितने साहस के साथ बड़े फैसले ले सकती है।

मराठी सिनेमा में नई कहानियों पर ध्यान दे रहा है NH Studioz
फिल्म के निर्माता श्रेयांस हिरावत के मुताबिक, एनएच स्टूडियोज मराठी मनोरंजन जगत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ मौलिक फिल्मों के निर्माण पर भी ध्यान दे रहा है। फिल्म वितरण, राइट्स मैनेजमेंट और कंटेंट लाइसेंसिंग के क्षेत्र में अपने अनुभव के आधार पर स्टूडियो अब मराठी सिनेमा में नई कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। श्रेयांस ने ‘गौरी’ को इस सफर का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। फिल्म की रिलीज डेट, बाकी कलाकारों और कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियों का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!