Edited By Anu Malhotra,Updated: 30 Oct, 2026 06:16 PM

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया है। खोज अभियान के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।
चमोलीः उत्तराखंड में चमोली जिले के जोशीमठ में पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून जाते समय उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार कैप्टन हिमांशु व पांच यात्रियों प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच. एस. नटराजा की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन अभी उन्हें घटनास्थल से निकाला नहीं गया है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर अपराह्न करीब दो बजकर 20 मिनट पर मारवाड़ी पुल के पास जेपी पावर हाउस के नजदीक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान के लिए चमोली जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं।