Edited By Reetu sharma,Updated: 01 Oct, 2026 02:24 PM

‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे पॉपुलर फ्रेंडशिप एंथम को यादगार बनाने वाली टीम एक बार फिर साथ आई है। अरिजीत सिंह, रोचक कोहली, कुमार और लव रंजन की यह टीम अब फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के नए गाने ‘पुराने दिन’ के लिए साथ आई है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। ‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे पॉपुलर फ्रेंडशिप एंथम को यादगार बनाने वाली टीम एक बार फिर साथ आई है। अरिजीत सिंह, रोचक कोहली, कुमार और लव रंजन की यह टीम अब फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के नए गाने ‘पुराने दिन’ के लिए साथ आई है। यह गाना रिलीज हो चुका है और इसमें दोस्ती, पहला प्यार और कॉलेज के दिनों की खूबसूरत यादों को दिखाया गया है।
पहले प्यार की मासूमियत दिखाता है गाना
‘तेरा यार हूं मैं’ जहां दोस्ती के मजबूत रिश्ते की कहानी कहता था, वहीं ‘पुराने दिन’ सुनने वालों को जवानी और पहले प्यार के उस दौर में ले जाता है, जब क्लासरूम में छिपकर क्रश को देखना, बिना कुछ कहे भावनाएं समझ लेना और हर दिन अपने पसंदीदा शख्स को देखने का इंतजार ही खास हुआ करता था।
अरिजीत की आवाज में सजा ‘पुराने दिन’
‘पुराने दिन’ को रोचक कोहली ने कंपोज किया है और अरिजीत सिंह ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं। सॉफ्ट और दिल को छू लेने वाला म्यूजिक नए प्यार की मासूमियत और गर्माहट को सामने लाता है। गाने के जरिए फिल्म के छह लीड किरदारों तुषार छिब्बर, सरगुन कौर लूथरा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, स्पर्श वालिया और अलीशा चोपड़ा की कहानी को भी एक भावनात्मक कनेक्शन मिलता है। सभी किरदार दोस्ती, पहली फीलिंग्स और अपनी लव स्टोरी के शुरुआती दौर से गुजरते नजर आते हैं।
रोचक कोहली ने बताई गाने की खासियत
कंपोजर रोचक कोहली ने कहा कि ‘तेरा यार हूं मैं’ को आज भी मिल रहे प्यार के लिए वह आभारी हैं। उन्होंने बताया कि ‘पुराने दिन’ के लिए लव रंजन, अरिजीत सिंह और कुमार के साथ दोबारा काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा। उनके मुताबिक, इस गाने के जरिए पहले प्यार की उस मासूमियत को एक्सप्लोर करने की कोशिश की गई है, जिससे हर कोई खुद को जोड़ सकता है।
View this post on Instagram
A post shared by T-Series (@tseries.official)
कुमार ने भी शेयर किया गाने का इमोशनल कनेक्शन
लिरिसिस्ट कुमार के मुताबिक, ‘तेरा यार हूं मैं’ और ‘पुराने दिन’ दोनों ही दोस्ती और बड़े होने के साथ जुड़ी यादों से निकलते हैं। ‘पुराने दिन’ के जरिए उन्होंने कॉलेज लाइफ की उस मासूमियत को शब्द देने की कोशिश की है, जब दोस्ती, पहला क्रश और छोटी-छोटी बातें भी बेहद खास लगती थीं।
23 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘पुराने दिन’ गाना टी-सीरीज म्यूजिक पर उपलब्ध है। लव फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है। फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।