Edited By Reetu sharma,Updated: 15 Oct, 2026 03:33 PM

नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ का ट्रेलर दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारों का भी दिल जीत रहा है। फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज, अभिनेता मनोज बाजपेयी और आयुष्मान खुराना ने सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर की तारीफ की है।
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ का ट्रेलर दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारों का भी दिल जीत रहा है। फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज, अभिनेता मनोज बाजपेयी और आयुष्मान खुराना ने सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर की तारीफ की है। तीनों सितारों के रिएक्शन के बाद यह फिल्म एक बार फिर चर्चा में आ गई है। प्यार, अकेलेपन और बढ़ती उम्र के इर्द-गिर्द बुनी गई यह फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को हिंदी और मलयालम में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोज बाजपेयी ने बताया फिल्म को जरूर देखने लायक
अभिनेता मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘पायर’ का ट्रेलर शेयर करते हुए अपने फॉलोअर्स से इसे देखने की अपील की। उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, “आप सभी को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए!”
विशाल भारद्वाज को भी फिल्म का इंतजार
फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने भी फिल्म के प्रति अपना उत्साह जाहिर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘पायर’ का ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “इस खूबसूरत फिल्म को देखने का इंतजार है।” उनके इस रिएक्शन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
आयुष्मान खुराना ने ट्रेलर को बताया खूबसूरत
वहीं, अभिनेता आयुष्मान खुराना भी फिल्म के ट्रेलर से प्रभावित नजर आए। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “कितना खूबसूरत ट्रेलर है। टीम को मेरी शुभकामनाएं।” तीनों कलाकारों की सराहना से फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उत्तराखंड के हिमालयी गांव की कहानी है ‘पायर’
विनोद कापड़ी के निर्देशन में बनी ‘पायर’ उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी एक बुजुर्ग दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी साझा यादों और अपने उन बच्चों के इंतजार में गुजरती है, जो बेहतर अवसरों की तलाश में गांव छोड़कर चले गए हैं। फिल्म में पलायन के भावनात्मक असर, बुढ़ापे में अकेलेपन और मुश्किल हालात में भी साथ निभाने वाले रिश्ते की अहमियत को दिखाया गया है। इसकी कहानी उन लोगों की जिंदगी को करीब से समझने का मौका देती है, जो अपने ही घर और गांव में अपनों का इंतजार करते रह जाते हैं।
पहली बार पर्दे पर नजर आए बुजुर्ग कलाकार
फिल्म में 80 वर्षीय पदम सिंह कापड़ी और 70 वर्षीय हीरा देवी मुख्य किरदारों में हैं। दोनों उत्तराखंड के रहने वाले हैं और फिल्म में काम करने से पहले उन्हें अभिनय का कोई अनुभव नहीं था। उनकी सादगी और वास्तविक जीवन से जुड़ा अनुभव फिल्म की कहानी को खास बनाता है।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी मिली सराहना
‘पायर’ को पहले ही कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना मिल चुकी है। फिल्म को विनोद कापड़ी, सुरेश जोशी और अरिंद्र राय चौधरी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म देखने के बाद गुलजार, विवेक अग्निहोत्री और सिद्धार्थ काक जैसी हस्तियों ने भी इसकी तारीफ की है। अब विशाल भारद्वाज, मनोज बाजपेयी और आयुष्मान खुराना की सराहना ने फिल्म को लेकर बढ़ती दिलचस्पी को और मजबूत किया है।