Edited By Manisha,Updated: 08 Sep, 2026 02:14 PM

इंडो-जर्मन फिल्म ‘द बॉम्बे ब्लड’ 11 सितंबर को बर्लिन स्थित इंडियन एम्बेसी में स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए तैयार है। गौरव ठाकुर के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय और जर्मन कलाकारों के सहयोग से तैयार की गई है और अब भारत में भी इसकी स्क्रीनिंग की तैयारी...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। इंडो-जर्मन फीचर फिल्म ‘द बॉम्बे ब्लड’ अब इंटरनेशनल स्तर पर एक खास मुकाम हासिल करने जा रही है। नील कोठारी, गौरव ऋषिकेश ठाकुर और डेनियल ई. पजाक द्वारा निर्मित यह फिल्म 11 सितंबर को बर्लिन स्थित इंडियन एम्बेसी में स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म की कहानी और मेकिंग में भारत और जर्मनी के फिल्ममेकर्स व कलाकारों का सहयोग देखने को मिलता है। गौरव ऋषिकेश ठाकुर ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन और एडिटिंग भी संभाली है।
दो संस्कृतियों को जोड़ती है कहानी
‘द बॉम्बे ब्लड’ की कहानी भारतीय सांस्कृतिक पहचान और यूरोपियन माहौल को एक साथ लेकर चलती है। फिल्म में एक भारतीय नायक को यूरोप की पृष्ठभूमि में एक हाई-स्टेक्स ग्लोबल सर्वाइवल स्टोरी के केंद्र में रखा गया है। फिल्म में डर्क बोहलिंग, फिलिप ओलिवर बॉमगार्टन, कैटरीन इंगेंडोह, सबाइन अर्बन, गौरव ठाकुर, कश्यप पारुलेकर, मिथुन रामधरने और काजल रतूड़ी जैसे भारतीय और जर्मन कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का उद्देश्य अलग-अलग संस्कृतियों और सिनेमाई दृष्टिकोणों को एक कहानी के जरिए जोड़ना है।
नील कोठारी के लिए खास इंटरनेशनल प्रोजेक्ट
फिल्म के प्रोड्यूसर नील कोठारी के लिए ‘द बॉम्बे ब्लड’ उनके प्रोड्यूसिंग करियर का एक अहम पड़ाव है। यह बतौर प्रोड्यूसर उनकी पहली इंटरनेशनल फिल्म है और गौरव ठाकुर के साथ उनका पहला सहयोग भी है। नील का कहना है कि भारत में थिएटर और मराठी फिल्म प्रोड्यूस करने के बाद इंडो-जर्मन प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए एक अलग और बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है। उनका विजन भारत और जर्मनी के बीच ऐसा क्रिएटिव ब्रिज तैयार करना है, जो दोनों देशों के कलाकारों, कहानियों और संस्कृतियों को एक मंच पर ला सके।
बर्लिन में टिकटों को मिला शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म की बर्लिन स्क्रीनिंग को लेकर दर्शकों के बीच भी खास उत्सुकता देखने को मिल रही है। स्क्रीनिंग के क्यूरेटर रोहित प्रभु के मुताबिक, इवेंट के टिकट जारी होने के कुछ ही दिनों में बिक गए। इससे जर्मनी में रहने वाले भारतीय समुदाय के साथ-साथ इंटरनेशनल ऑडियंस के बीच भी फिल्म को लेकर बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है। बर्लिन में फिल्म के प्रीमियर के बाद अब इसकी कहानी को भारत तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है।
महाराष्ट्र समेत कई शहरों में होगी स्क्रीनिंग
जर्मनी में प्रीमियर के बाद ‘द बॉम्बे ब्लड’ अब भारत में अपने अगले चरण की ओर बढ़ रही है। डायरेक्टर गौरव ठाकुर और फिल्म के जर्मन कलाकार महाराष्ट्र समेत कुछ अन्य शहरों में प्रमोशनल एक्टिविटीज और पब्लिक स्क्रीनिंग का हिस्सा बनेंगे। एरा ऑफ लाइट फिल्म्स, रंगनील क्रिएशंस, कम्यूटाडोर जंकीज़ प्रोडक्शंस और पजाक पिक्चर्स फिल्मप्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म भारत और जर्मनी के बीच सिनेमाई सहयोग की एक नई मिसाल पेश करने की कोशिश कर रही है।