Edited By Parveen Kumar,Updated: 05 Sep, 2026 07:40 PM

श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो से सफर किया। हाथ में मेट्रो कार्ड लेकर यात्रा कर रहे प्रधानमंत्री ने ट्रेन में यात्रियों और...
नेशनल डेस्क : श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो से सफर किया। हाथ में मेट्रो कार्ड लेकर यात्रा कर रहे प्रधानमंत्री ने ट्रेन में यात्रियों और छात्रों से बातचीत की। उनके साथ सफर कर रहे लोगों के लिए यह रोजमर्रा की मेट्रो यात्रा एक खास अनुभव बन गई। प्रधानमंत्री मोदी मेट्रो से SRCC पहुंचे, जहां उन्हें कॉलेज के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होना है। इस दौरान उन्होंने मेट्रो में मौजूद छात्रों और अन्य यात्रियों से बातचीत की और उनके अनुभव भी सुने।
SRCC के 100 साल पूरे होने का जश्न
SRCC अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने के अवसर पर भव्य शताब्दी समारोह आयोजित कर रहा है। यह कार्यक्रम शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मौजूदा छात्रों के अलावा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य, फैकल्टी सदस्य और पूर्व छात्र भी शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
13 साल बाद SRCC पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर SRCC पहुंचे हैं। इससे पहले वे वर्ष 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कॉलेज आए थे। इस लिहाज से उनकी यह यात्रा करीब 13 साल बाद SRCC में वापसी के तौर पर देखी जा रही है। इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आवास पर SRCC की गवर्निंग बॉडी और कॉलेज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इस दौरान संस्थान के 100 साल पूरे होने पर चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री ने SRCC की शताब्दी के अवसर पर एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया था।