Edited By Mansa Devi,Updated: 14 Mar, 2026 04:44 PM

गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में एयर कंडीशनर (AC) की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में बहुत से लोग नया AC खरीदने की योजना बनाते हैं। आमतौर पर लोग AC खरीदते समय उसके फीचर्स, कीमत और मिलने वाली डील पर ज्यादा ध्यान देते हैं।
नेशनल डेस्क: गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में एयर कंडीशनर (AC) की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में बहुत से लोग नया AC खरीदने की योजना बनाते हैं। आमतौर पर लोग AC खरीदते समय उसके फीचर्स, कीमत और मिलने वाली डील पर ज्यादा ध्यान देते हैं। लेकिन एक महत्वपूर्ण बात जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, वह है AC के साथ मिलने वाली वारंटी।
ज्यादातर लोगों को लगता है कि AC के साथ केवल एक साल की वारंटी मिलती है, लेकिन वास्तव में एयर कंडीशनर के साथ तीन तरह की अलग-अलग वारंटी दी जाती हैं। अगर इन वारंटियों के बारे में सही जानकारी न हो, तो बाद में खराबी आने पर ग्राहक को बेवजह खर्च उठाना पड़ सकता है।
प्रोडक्ट वारंटी
एयर कंडीशनर के साथ आमतौर पर कंपनी की ओर से एक साल की प्रोडक्ट वारंटी दी जाती है। इस वारंटी के दौरान यदि AC में किसी तरह की मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट यानी निर्माण से जुड़ी समस्या आती है, तो कंपनी उसे ठीक करती है या जरूरत पड़ने पर पार्ट बदल देती है। हालांकि, यदि AC को कोई फिजिकल नुकसान हुआ हो, जैसे गिरना या टूटना, तो वह इस वारंटी में शामिल नहीं होता।

कंप्रेसर वारंटी
कई लोग सोचते हैं कि एक साल के बाद AC पूरी तरह वारंटी से बाहर हो जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है। अधिकांश कंपनियां AC के कंप्रेसर पर अलग से लंबी अवधि की वारंटी देती हैं। कई ब्रांड 5 साल और कुछ कंपनियां 10 साल तक की कंप्रेसर वारंटी भी ऑफर करती हैं। इसलिए AC खरीदते समय यह जरूर जांच लेना चाहिए कि जिस मॉडल को आप खरीद रहे हैं, उसके कंप्रेसर पर कितने साल की वारंटी दी जा रही है, खासकर अगर आप ऑनलाइन खरीदारी कर रहे हैं।
मोटर और PCB वारंटी
अगर आप किसी ऑफलाइन स्टोर से AC खरीद रहे हैं, तो मोटर और PCB (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) की वारंटी के बारे में भी जानकारी लेना जरूरी है। कई कंपनियां इन पार्ट्स पर भी अलग-अलग अवधि की वारंटी देती हैं। अगर आपको इसकी जानकारी नहीं होगी, तो भविष्य में खराबी आने पर आप यह मान सकते हैं कि पार्ट वारंटी में नहीं है और अपनी जेब से पैसे खर्च कर देंगे, जबकि वह पार्ट वारंटी के दायरे में हो सकता है।
AC खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
- केवल कीमत और फीचर्स ही नहीं, वारंटी की शर्तों को भी समझें।
- कंप्रेसर, मोटर और PCB पर मिलने वाली वारंटी के बारे में जानकारी लें।
- ऑनलाइन खरीदते समय प्रोडक्ट डिटेल्स में दी गई वारंटी को ध्यान से पढ़ें।
- ऑफलाइन स्टोर से खरीदते समय सेल्समैन से पूरी जानकारी जरूर लें।