Edited By Anu Malhotra,Updated: 11 Feb, 2026 05:21 PM

अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत में एक व्यस्त सड़क पर छोटा विमान गिरने से हड़कंप मच गया, लेकिन सुखद बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी की जान नहीं गई। यह हादसा उस समय बेहद भावुक हो गया जब विमान उड़ा रहे पायलट ने कंट्रोल रूम को अपना अंतिम संदेश...
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत में एक व्यस्त सड़क पर छोटा विमान गिरने से हड़कंप मच गया, लेकिन सुखद बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी की जान नहीं गई। यह हादसा उस समय बेहद भावुक हो गया जब विमान उड़ा रहे पायलट ने कंट्रोल रूम को अपना अंतिम संदेश भेजा। उन्हें पूरा यकीन था कि वे अब जीवित नहीं बचेंगे, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार के लिए विदाई संदेश रिकॉर्ड कराया। हालांकि, किस्मत ने साथ दिया और विमान में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
कंट्रोल रूम में गूंजी पायलट की आखिरी गुहार
हादसे से ठीक पहले जब विमान तकनीकी खराबी के कारण गिरने लगा, तब पायलट रोजर्स ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। उनकी आवाज में मौत का डर साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि उनके बचने की कोई उम्मीद नहीं है और उन्होंने आग्रह किया कि उनकी पत्नी मौली तक यह बात पहुंचा दी जाए कि वह उनसे और अपने माता-पिता से बहुत प्रेम करते हैं। तनाव से भरी यह रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है।
व्यस्त चौराहे पर मची अफरा-तफरी
10 फरवरी को गेन्सविले शहर के एक मुख्य चौराहे पर यह एक इंजन वाला विमान अचानक आ गिरा। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन फेल हो गया था और पायलट के पास वापस हवाई अड्डे जाने का समय नहीं बचा था। सड़क पर उतरते समय विमान कई गाड़ियों से टकराया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर चल रहे वाहन चालक अपनी जान बचाने के लिए गाड़ियां इधर-उधर मोड़ रहे थे।
इंजन फेल होने के बाद भी हौसला नहीं हारा
पायलट रोजर्स ने बताया कि उन्होंने सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी नियमों का पालन किया और विमान को हवा में तैराते हुए आबादी से दूर ले जाने की कोशिश की। उनके साथ विमान में एक छात्र भी सवार था। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को मलबे से सुरक्षित निकाला। फिलहाल स्थानीय प्रशासन इस तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहा है, लेकिन लोग पायलट की सूझबूझ और उनकी जान बचने को किसी करिश्मे से कम नहीं मान रहे हैं।