Bangladesh : पेड़ से लटका मिला हिंदू व्यक्ति का शव, मंदिर की रखवाली करता था

Edited By Updated: 27 Apr, 2026 02:21 AM

bangladesh body of hindu man found hanging from tree used to guard temple

दक्षिणपूर्वी बांग्लादेश में एक हिंदू मंदिर के रख रखाव का कार्य करने वाले व्यक्ति का शव घर से लापता होने के तीन दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला। एक अल्पसंख्यक समूह ने यह जानकारी दी। समूह ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।...

इंटरनेशनल डेस्कः दक्षिणपूर्वी बांग्लादेश में एक हिंदू मंदिर के रख रखाव का कार्य करने वाले व्यक्ति का शव घर से लापता होने के तीन दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला। एक अल्पसंख्यक समूह ने यह जानकारी दी। समूह ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद (बीएचबीसीयूसी) ने शनिवार देर रात बताया कि चटगांव जिले के स्थानिया उपजिला के दोहाजारी क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर की देखभाल करने के साथ पुजारी का काम भी करते थे।

पुलिस और कॉक्स बाजार इलाके के निवासियों के मुताबिक 19 अप्रैल की देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति नयन को अपने साथ ले गए और तीन दिन बाद, उनका शव गांव के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ मिला। कालेद कांथा नामक दैनिक ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया, '' जब हमने शव बरामद किया, तब तक वह सड़ना शुरू हो चुका था।''

अखबार की खबर के मुताबिक पुलिस अबतक तय नहीं कर सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। परिषद ने एक बयान जारी कर नयन की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। बयान में कहा गया, '' एकता परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करती है।''

बीएचबीसीयूसी की वरिष्ठ सदस्य काजल देबनाथ ने मीडिया से कहा, '' हम यह बिल्कुल नहीं समझ पा रहे हैं कि एक दूरदराज के इलाके में स्थित अपेक्षाकृत छोटे मंदिर के एक साधारण संरक्षक की हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है।'' बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद की कॉक्स बाजार इकाई के महासचिव जॉनी धर ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव बरामद किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि नयन की पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के गुमशुदा होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रकरण की जांच शुरू की गई। इस बीच, पुलिस ने रविवार को पूर्वी कुमिला में एक युवा हिंदू सीमा शुल्क अधिकारी की रहस्यमय मौत के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। बुलेट बैरागी (35) का शव शनिवार को ढाका-चटगांव सड़क के किनारे मिला था। परिवार ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) के कंपनी कमांडर मेजर सदमान इब्ने आलम ने संवाददाताओं को बताया, ''शनिवार रात से कुमिला के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी के बाद हमने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।'' इससे पहले नौ अप्रैल को परिषद ने कहा था कि बांग्लादेश में इस साल एक जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं हुई हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!