लेबनान में फिर भड़की भीषण जंग: इजराइली सैनिक की मौत के बाद हड़कंप, 7 शहरों को खाली करने का सख्त अल्टीमेटम

Edited By Updated: 26 Apr, 2026 11:05 PM

fierce fighting erupts again in lebanon panic after death of an israeli soldier

इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच हुआ युद्धविराम अब पूरी तरह से टूटने की कगार पर है। दक्षिणी लेबनान में जारी हिंसा के बीच रविवार को एक इजरायली सैनिक के मारे जाने के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया है

यरूशलेम/बेरूत: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच हुआ युद्धविराम अब पूरी तरह से टूटने की कगार पर है। दक्षिणी लेबनान में जारी हिंसा के बीच रविवार को एक इजराइली सैनिक के मारे जाने के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया है। इसके जवाब में इजराइल ने 'बफर जोन' के बाहर स्थित 7 लेबनानी शहरों को तुरंत खाली करने की चेतावनी जारी कर वहां के निवासियों को उत्तर और पश्चिम की ओर जाने का आदेश दिया है।

सैनिक की मौत से भड़का इजराइल
इजराइली सेना के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए इजराइली सैनिकों और उन्हें बचाने आई रेस्क्यू टीम पर हमला किया, जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैबिनेट बैठक में कड़े शब्दों में कहा, "हमारे लिए इजराइल की सुरक्षा, हमारे सैनिकों की सुरक्षा और हमारे समुदायों की सुरक्षा सर्वोपरि है"। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजराइल अमेरिका और लेबनान के साथ सहमत नियमों के तहत ही जवाबी कार्रवाई कर रहा है।

हिजबुल्लाह ने कूटनीति को बताया बेअसर
दूसरी ओर, ईरान समर्थित समूह हिजबुल्लाह ने भी पीछे हटने से इनकार कर दिया है। संगठन ने बयान जारी कर कहा कि वह तब तक इजरायली सेना और उत्तरी इजराइल के शहरों पर हमले जारी रखेगा, जब तक इजराइल युद्धविराम का उल्लंघन करना बंद नहीं करता। हिजबुल्लाह ने कूटनीतिक प्रयासों को "बेअसर" बताते हुए लेबनानी अधिकारियों पर देश की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।

खून-खराबे का खौफनाक मंजर
2 मार्च से शुरू हुए इस ताजा संघर्ष ने अब तक भारी तबाही मचाई है:

  • लेबनान में मौत का आंकड़ा: इजराइली हमलों में अब तक 2,500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
  • मासूमों की जान: मृतकों में 277 महिलाएं, 177 बच्चे और 100 स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
  • इजराइल का नुकसान: इजराइल के मुताबिक, 2 मार्च के बाद से उनके 16 सैनिक और 2 नागरिक जान गंवा चुके हैं।

आसमान में भी मंडराता खतरा
युद्धविराम को मई के मध्य तक बढ़ाया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। रविवार को इजराइली सेना ने सीमा पार करने से पहले ही तीन ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया है। इजराइल ने अब लिटानी नदी के उत्तर में स्थित हिजबुल्लाह के ठिकानों, रॉकेट लॉन्चरों और हथियारों के गोदामों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!