Edited By Prachi Sharma,Updated: 25 Oct, 2026 03:31 PM
Bangladesh Road Accidents : बांग्लादेश में सड़क हादसे के कारण बच्चों की मौत का आंकड़ा चिंताजनक है। रोड सेफ्टी फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 से सितंबर 2026 तक देशभर में सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 7,963 बच्चों की जान जा चुकी है।
Bangladesh Road Accidents : बांग्लादेश में सड़क हादसे के कारण बच्चों की मौत का आंकड़ा चिंताजनक है। रोड सेफ्टी फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 से सितंबर 2026 तक देशभर में सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 7,963 बच्चों की जान जा चुकी है। इनमें 2,513 बच्चे ऐसे थे, जिनकी मौत स्कूल-कॉलेज जाते समय या वहां से घर लौटते वक्त हुई।
यह रिपोर्ट नौ राष्ट्रीय दैनिक अखबारों, 17 राष्ट्रीय और क्षेत्रीय ऑनलाइन समाचार पोर्टलों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की खबरों और संगठन के अपने स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, सड़क हादसों में जान गंवाने वाले बच्चों में 2,958 बच्चे मोटरसाइकिल पर सवार थे, जो कुल मौतों का 37.14 प्रतिशत है। वहीं, 2,812 बच्चे पैदल चलते समय दुर्घटनाओं का शिकार हुए, जबकि 2,193 बच्चों की मौत अन्य वाहनों में सफर करने के दौरान हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, 962 बच्चों की मौत तब हुई जब वे अपने घरों के पास सड़कों पर खेल रहे थे। ग्रामीण सड़कों पर बच्चों की सबसे ज्यादा मौतें (2,713) दर्ज की गईं। इसके बाद क्षेत्रीय सड़कों पर 2,082, राजमार्गों (हाइवे) पर 1,974 और शहरी सड़कों पर 1,194 बच्चों की मौतें हुईं।
पैदल चलने वाले बच्चों में से 1,271 बच्चों की मौत तीन-पहिया वाहनों (जैसे CNG ऑटो-रिक्शा और स्थानीय स्तर पर बने वाहन) की चपेट में आने से हुई। बसों, ट्रकों और कवर्ड वैन जैसे भारी वाहनों की चपेट में आने से 1,126 पैदल चलने वाले बच्चों की जान गई। निजी कारों और माइक्रोबसों से 317 बच्चों की मौत हुई, जबकि मोटरसाइकिलों से जुड़ी घटनाओं में 98 बच्चों की जान गई।
मृतक बच्चों में 13 से 17 साल की उम्र के बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा थी—3,547 बच्चे (कुल मौतों का 44.54 प्रतिशत)। इसके अलावा, 2,884 बच्चे 6 से 12 साल के थे, जबकि 1,532 बच्चे 5 साल या उससे कम उम्र के थे।
दोपहर का समय सबसे खतरनाक रहा, जिसमें 2,634 बच्चों की मौत हुई (कुल मौतों का 33.07 प्रतिशत)। सुबह के समय 2,168 मौतें हुईं, जबकि दोपहर के आसपास 1,813 मौतें दर्ज की गईं। RSF ने इन मौतों के लिए असुरक्षित सड़कों और परिवहन प्रणालियों, यातायात नियमों के बारे में कम जागरूकता, लापरवाही से गाड़ी चलाने और दुर्घटना पीड़ितों के लिए इलाज की अपर्याप्त सुविधाओं को जिम्मेदार ठहराया है।
ग्रामीण सड़कें सबसे खतरनाक
यहां के गाँव की सड़के सबसे ज्यादा खराब हैं क्योंकि ये अक्सर घरों के बहुत करीब से गुजरती हैं, यहां वाहन अक्सर बिना यातायात नियमों का पालन किए चलते हैं और नियमों को लागू करने की व्यवस्था भी बहुत सीमित है।
संगठन ने सुरक्षित सड़क बुनियादी ढांचे, घरों और स्कूलों में सड़क सुरक्षा की शिक्षा, अकुशल और कम उम्र के चालकों के खिलाफ कार्रवाई, और जिला अस्पतालों में इलाज की बेहतर सुविधाओं की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सरकार से इलाज का खर्च उठाने के लिए एक विशेष फंड बनाने और 'रोड ट्रांसपोर्ट एक्ट, 2018' को प्रभावी ढंग से लागू करने का भी आग्रह किया है।