Edited By Mehak,Updated: 22 Feb, 2026 01:14 PM

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार फिर से अस्पताल में भर्ती हुए हैं। पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में उन्होंने रूटीन चेक-अप कराया। हल्की उल्टी और डिहाइड्रेशन के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दो दिन अस्पताल में निगरानी में रखने की सलाह दी।...
नेशनल डेस्क : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता शरद पवार मंगलवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक पहुंचे। यहां उन्होंने नियमित रूटीन स्वास्थ्य जांच कराई। उल्टी की शिकायत के कारण उन्हें हल्का डिहाइड्रेशन हो गया था। डॉक्टरों ने उनकी सुरक्षा के लिए अगले दो दिनों तक अस्पताल में निगरानी में रहने की सलाह दी है। फिलहाल वह हॉस्पिटल के हॉल क्लिनिक में भर्ती हैं। शरद पवार के ब्लड टेस्ट और सीटी स्कैन कराए गए, और डॉक्टरों के अनुसार सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं। इस दौरान उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी उनके साथ मौजूद रही।
पिछले स्वास्थ्य अपडेट
85 वर्षीय नेता को पिछले हफ्ते भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें सांस लेने में दिक्कत और लगातार खांसी की शिकायत थी। आगे की जांच में पता चला कि उन्हें सीने में इन्फेक्शन था। संक्रमण के कारण उन्हें कुछ दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। हालत में सुधार होने के बाद शरद पवार को पिछले शनिवार को उनके घर भेजा गया था। डॉक्टरों ने उन्हें तीन से चार दिन आराम करने की सलाह दी थी।
लिक्विड की कमी और अस्पताल में देखभाल
चिकित्सकों ने बताया कि शरद पवार को हल्के डिहाइड्रेशन के कारण लिक्विड की आवश्यकता थी। डॉ. पुरवेज ग्रांट, चीफ कार्डियोलॉजिस्ट ने कहा कि उनकी स्थिति स्थिर है और दो दिन बाद उन्हें घर भेज दिया जाएगा।
बेटी सुप्रिया सुले ने क्या कहा?
शरद पवार के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने X (पूर्व में Twitter) पर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि शरद पवार अब घर पर आराम करेंगे और उसके बाद अपनी सामान्य दिनचर्या फिर से शुरू करेंगे। साथ ही उन्होंने रूबी हॉल क्लिनिक के सभी डॉक्टरों, नर्सों और सपोर्टिंग स्टाफ का दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके पिता का इलाज और देखभाल की। सुप्रिया सुले ने यह भी कहा कि शरद पवार की सेहत के बारे में पूछने के लिए सभी का आभार व्यक्त करती हैं।